पोटका के कोवाली थाना क्षेत्र में जिला खनन कार्यालय की छापेमारी, वैध परिवहन दस्तावेज नहीं मिलने पर कार्रवाई
अवैध बालू कारोबार पर प्रशासन सख्त, वाहनों की जांच अभियान रहेगा जारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ खनन टास्क फोर्स का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार देर रात जिला खनन कार्यालय की टीम ने पोटका के कोवाली थाना क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। इस दौरान बालू लदे एक हाइवा को रोककर जांच की गई। वाहन पर करीब 500 सीएफटी बालू लदा पाया गया। जांच के दौरान चालक द्वारा बालू के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद टीम ने हाइवा संख्या OD19B-9810 को जब्त कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बालू ओडिशा से लाया जा रहा था। वाहन और बालू को नियमानुसार जब्ती में लेते हुए आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : मधुसाई में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 5,000 किलो जावा महुआ और 40 लीटर शराब बरामद
वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर हाइवा जब्त, ओडिशा से बालू लाने की जानकारी
अवैध बालू परिवहन के मामले में जिला खनन कार्यालय की ओर से कोवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। संबंधित प्रावधानों के तहत मामले की अग्रेतर जांच और कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन के अनुसार जिले में अवैध खनन, बालू के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खनिजों के अवैध परिवहन में संलिप्त पाए जाने वाले वाहनों और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार में लगे लोगों पर निगरानी और सख्ती बढ़ने के संकेत हैं।


























