सशक्त संयुक्त मोर्चा के प्रयास से पांच माह के इंसेंटिव रिवॉर्ड के भुगतान की उम्मीद, वेतन में बढ़ेगी अतिरिक्त राशि
क्वार्टर मेंटेनेंस अलाउंस में बढ़ोतरी की उम्मीद, कर्मचारियों को अतिरिक्त राशि का लाभ
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा खदान में कार्यरत कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है। सशक्त संयुक्त मोर्चा के प्रयासों के बाद इस माह कर्मियों को पिछले पांच महीनों के इंसेंटिव रिवॉर्ड का भुगतान किए जाने की अग्रिम जानकारी दी गई है। इससे कर्मचारियों को उनके वेतन में लगभग 2 हजार रुपये से लेकर 20 हजार रुपये तक अतिरिक्त लाभ मिलने की संभावना है। लंबे समय से इंसेंटिव रिवॉर्ड को लेकर कर्मियों के बीच मांग और चर्चा चल रही थी। मोर्चा की ओर से बताया गया कि कर्मचारियों के हित से जुड़े इस भुगतान को लेकर प्रयास किए गए, जिसके बाद अब चालू माह के वेतन में इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। कर्मचारियों ने भी उम्मीद जताई है कि प्रबंधन की ओर से निर्धारित राशि का भुगतान समय पर किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : अवैध बालू परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई, 500 सीएफटी बालू लदा हाइवा जब्त
पांच माह के इंसेंटिव भुगतान से कर्मियों को मिलेगी आर्थिक राहत
इसके साथ ही गुवा खदान के कर्मचारियों को क्वार्टर मेंटेनेंस अलाउंस में बढ़ोतरी का लाभ मिलने की बात कही गई है। जानकारी के अनुसार वर्तमान राशि के अतिरिक्त करीब 1,750 रुपये से 2,500 रुपये तक की राशि वेतन में भुगतान किया जाना सुनिश्चित किया गया है। संयुक्त मोर्चा के अनुसार इंसेंटिव रिवॉर्ड और क्वार्टर मेंटेनेंस अलाउंस में मिलने वाला यह लाभ कर्मचारियों को आर्थिक राहत देगा। बढ़ती महंगाई के बीच अतिरिक्त राशि मिलने से कर्मियों के मासिक वेतन में राहत की उम्मीद है। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से लंबित मांगों पर लाभ मिलने से उन्हें सुविधा होगी। अब कर्मचारियों की नजर इस माह होने वाले वेतन भुगतान पर है, जिसमें दोनों मदों की राशि शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।


























