अधिकारियों ने की नापी और गुणवत्ता का निरीक्षण
उपायुक्त के निर्देश पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण
निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित मापदंडों की हुई जांच
कोयना नदी में बाढ़ के खतरे से बचाव के लिए गार्डवाल का निर्माण
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : कोयना नदी के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ के दौरान तटबंध के कटाव को रोकने के उद्देश्य से लघु सिंचाई विभाग द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित गार्डवाल का गुरुवार, 12 नवंबर 2026 को अधिकारियों की टीम ने निरीक्षण किया। जिला उपायुक्त के निर्देश पर किए गए इस निरीक्षण में राष्ट्रीय ग्रामीण नियोजन, चाईबासा के कार्यपालक अभियंता हरिनंदन रजक, ग्रामीण कार्य विभाग प्रमंडल चक्रधरपुर के कार्यपालक अभियंता विशाल खलखो, एडीसी चाईबासा मनीष कुमार तथा लघु सिंचाई विभाग के अभियंता आलोक कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों ने नदी तट पर निर्मित गार्डवाल की लंबाई, चौड़ाई और अन्य निर्धारित मापदंडों के अनुसार नापी की। साथ ही निर्माण कार्य में इस्तेमाल की गई सामग्री और उसकी गुणवत्ता की भी बारीकी से जांच की गई।
इसे भी पढ़ें : Gua : छठ पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट, एसडीपीओ विनीत कुमार किंडो ने गुवा के छठ घाटों का किया निरीक्षण
गार्डवाल निर्माण की गुणवत्ता जांचने मौके पर पहुंचे विभागीय अधिकारी
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और संवेदक के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। टीम ने निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति का जायजा लेते हुए निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप कार्य होने की जांच की। बताया गया कि कोयना नदी में प्रत्येक वर्ष मानसून के दौरान जलस्तर बढ़ने से नदी के किनारे स्थित तटबंध का कटाव होता था। इससे आसपास के तटवर्ती इलाकों में बाढ़ का खतरा बना रहता था और स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या के स्थायी समाधान तथा तटबंध की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए करोड़ों रुपये की लागत से गार्डवाल का निर्माण कराया गया है। अधिकारियों के इस निरीक्षण को निर्माण कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे उम्मीद है कि तटबंध सुरक्षित रहेगा और भविष्य में बाढ़ के दौरान आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को राहत मिलेगी।























