झामुमो नेता बाघराय मार्डी की हुंकार लाई रंग
कंपनी प्रबंधन ने बर्खास्तगी आदेश पर कार्रवाई नहीं करने और हड़ताल अवधि का भुगतान करने का दिया भरोसा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी प्रखंड स्थित हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) की सूरदा तांबा खदान में पिछले पांच दिनों से जारी ठेका मजदूरों की हड़ताल मंगलवार को समाप्त हो गई। ठेका कंपनी आरके अर्थ रिसोर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा बर्खास्त किए गए सात मजदूरों की वापसी और हड़ताल अवधि का भुगतान करने के आश्वासन के बाद मजदूरों ने आंदोलन वापस लेने का निर्णय लिया। इस आंदोलन की अगुवाई घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, झामुमो नेता बाघराय मार्डी और प्रधान सोरेन कर रहे थे। मजदूरों की एकजुटता और झामुमो नेताओं के लगातार दबाव के बाद कंपनी प्रबंधन को अपने रुख में बदलाव करना पड़ा। मंगलवार की सी शिफ्ट से मजदूरों ने काम पर लौटना शुरू कर दिया। हड़ताल समाप्त होने से एचसीएल प्रबंधन ने भी राहत की सांस ली।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा पहुंचे जेएलकेएम सुप्रीमो जयराम महतो, स्वास्थ्य-शिक्षा समेत स्थानीय समस्याओं पर हुई चर्चा
वेतन भुगतान को लेकर सवाल उठाने पर सात मजदूरों को किया गया था बर्खास्त
विवाद की शुरुआत पांच नवंबर को हुई थी। जानकारी के अनुसार, ठेका मजदूरों ने वेतन भुगतान में देरी को लेकर कंपनी प्रबंधन से सवाल किया था। इसके बाद आरके अर्थ रिसोर्स प्राइवेट लिमिटेड प्रबंधन ने कथित तौर पर सात मजदूरों को चिन्हित कर बिना कारण बताओ नोटिस दिए बर्खास्तगी का पत्र जारी कर दिया। इस कार्रवाई से मजदूरों में भारी आक्रोश फैल गया। मजदूरों ने इसे असंवैधानिक और श्रमिकों के अधिकारों का खुला उल्लंघन बताते हुए काम बंद कर दिया। छह नवंबर से सूरदा माइंस के करीब एक हजार ठेका मजदूर हड़ताल पर चले गए। मजदूरों की मांग थी कि सातों कर्मचारियों की बर्खास्तगी तत्काल वापस ली जाए और उनके साथ न्याय किया जाए।
इसे भी पढ़ें : Potka : पोटका में हब्बा-डब्बा जुए पर रोक लगाने की मांग, भाजपा नेता ने एसएसपी को सौंपा ज्ञापन
बाघराय मार्डी ने एचसीएल प्रबंधन से मांगा जवाब, मजदूरों के समर्थन में उतरे झामुमो नेता
आंदोलन के दौरान झामुमो नेता बाघराय मार्डी ने एचसीएल के मुख्य प्रबंधक अर्जुन लोहार के समक्ष मजदूरों की बर्खास्तगी को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कंपनी प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करते हुए मजदूरों के साथ हो रहे कथित अन्याय का विरोध किया। इस दौरान प्रबंधन की ओर से शुरुआत में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर मामला और गरमा गया। अंततः एचसीएल और ठेका कंपनी के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में कंपनी प्रबंधन ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए सातों मजदूरों के बर्खास्तगी पत्र पर आगे कोई कार्रवाई नहीं करने का आश्वासन दिया। साथ ही हड़ताल की अवधि का वेतन भुगतान करने पर भी सहमति जताई। इसके बाद मजदूरों ने आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : खड़गपुर शतरंज टूर्नामेंट में तुरामडीह के समृद्ध शर्मा ने लहराया परचम
मजदूरों के हक और सम्मान की लड़ाई जारी रहेगी : बाघराय मार्डी
हड़ताल समाप्त होने के बाद झामुमो नेता बाघराय मार्डी ने कहा कि मजदूरों के शोषण और उनके अधिकारों के साथ खिलवाड़ के खिलाफ उनकी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी कंपनी को मजदूरों के साथ मनमानी करने की छूट नहीं दी जाएगी। मजदूरों के सम्मान, रोजगार की सुरक्षा और उचित वेतन भुगतान के लिए संघर्ष जारी रहेगा। बैठक में घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, झामुमो नेता बाघराय मार्डी, प्रधान सोरेन और दाखिन टुडू सहित अन्य लोग मौजूद थे। वहीं, एचसीएल प्रबंधन और ठेका कंपनी आरके अर्थ रिसोर्स प्राइवेट लिमिटेड के पदाधिकारियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया। मजदूरों की वापसी के साथ सूरदा खदान में कामकाज सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।























