सिल्ली के आम बागान में आजसू पार्टी का प्रखंड स्तरीय महिला सम्मेलन आयोजित
संगठन मजबूत करने और महिलाओं की राजनीतिक व सामाजिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर
क्षेत्र में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार पर महिलाओं ने उठाए सवाल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मुरी/सिल्ली : सिल्ली के समीप स्थित आम बागान में आजसू पार्टी की ओर से प्रखंड स्तरीय महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष सोमरी देवी ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो शामिल हुए। सम्मेलन में संगठन को मजबूत बनाने, राजनीति एवं सामाजिक कार्यों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा उनके अधिकार, सम्मान और स्वावलंबन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान प्रखंड की प्रत्येक पंचायत से महिलाओं का चयन किया गया। इनके माध्यम से पंचायत स्तर पर मजबूत संगठनात्मक टीम तैयार की जाएगी, जो महिलाओं के सशक्तीकरण, सामाजिक जागरूकता और क्षेत्र के विकास के लिए काम करेगी। सुदेश महतो ने महिलाओं से संगठित होकर पूरी जिम्मेदारी के साथ सामाजिक कार्यों में आगे आने और जरूरतमंद लोगों की मदद करने का आह्वान किया।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : बाल विवाह और लैंगिक भेदभाव के खिलाफ सरायकेला जिले में चला जागरूकता अभियान
महिला सशक्तीकरण के लिए आजसू ने पंचायत स्तर पर संगठन विस्तार की बनाई रणनीति
सुदेश कुमार महतो ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। महिलाएं यदि संगठित होकर आगे आएं तो सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में बड़े बदलाव लाए जा सकते हैं। उन्होंने युवाओं में तेजी से बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए माताओं और बहनों से इसकी रोकथाम की शुरुआत अपने घर और परिवार से करने की अपील की। उन्होंने कहा कि परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने में महिलाओं की जागरूकता और सक्रिय भूमिका काफी प्रभावी हो सकती है। वहीं सम्मेलन में पूर्व प्रखंड प्रमुख सह मुखिया रेखा देवी, बालिका रानी, पूर्व पंचायत समिति सदस्य उर्मिला देवी, रीता महली, परमेश्वरी देवी, गीता देवी, प्रमिला देवी और प्रियंका देवी समेत अन्य महिलाओं ने भी अपने विचार रखे।
इसे भी पढ़ें : Jagnathpur : संविधान रक्षा मार्च को सफल बनाने के लिए जगन्नाथपुर में कांग्रेस की तैयारी बैठक, 26 नवंबर को रांची में जुटेंगे कांग्रेसी
युवाओं में बढ़ते नशे पर सुदेश महतो चिंतित, महिलाओं से घर से बदलाव की शुरुआत करने की अपील
सम्मेलन में महिलाओं ने सरकार और स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव के बाद क्षेत्र में विकास कार्यों की गति धीमी पड़ गई है। प्रखंड कार्यालय में आम लोगों के जरूरी काम नहीं हो पा रहे हैं और विकास की मौजूदा स्थिति संतोषजनक नहीं है। महिलाओं ने इन समस्याओं के समाधान के लिए संगठन के माध्यम से आवाज बुलंद करने तथा जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करने की बात कही। उन्होंने क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग उठाई। कार्यक्रम में चारु बाला देवी, अरुणा, सुशील महतो, ज्योति कुमारी, सोमारी देवी और मुखिया शर्मिला कुमारी समेत बड़ी संख्या में महिलाएं एवं आजसू पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
























