भोर से ही घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, स्नान-दान और दीपदान कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की
देव दीपावली पर दीपदान और पूजा-अर्चना का धार्मिक महत्व
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गुवा के कुसुम घाट स्थित कारो नदी में मंगलवार सुबह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर होते ही महिलाएं, पुरुष और बुजुर्ग बड़ी संख्या में घाट पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने कारो नदी में आस्था की पवित्र डुबकी लगाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद कुसुम घाट स्थित शिव मंदिर में भगवान शिव और भगवान विष्णु का दर्शन कर अपने परिवार की सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिर में पंडित प्रभात कुमार पाणिग्रही और मानस कुमार पाणिग्रही ने विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा के जामसोला चेकनाका पर 44 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान-दान का विशेष महत्व
कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के रूप में भी मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन पवित्र नदी में स्नान, दान और दीपदान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है तथा जीवन के कष्टों से मुक्ति मिलती है। इसी आस्था के साथ श्रद्धालुओं ने नदी में स्नान करने के बाद घाट पर दीप जलाए और पूजा-अर्चना की। पूरे कुसुम घाट का वातावरण भक्तिमय बना रहा। नदी किनारे जलते दीपों और श्रद्धालुओं की पूजा-अर्चना से घाट की छटा देखते ही बन रही थी। सुबह से लेकर दिन तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। कार्तिक पूर्णिमा के इस धार्मिक आयोजन में लोगों ने पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया।
























