बकरी चराने के दौरान गीली जमीन में फैले करंट की चपेट में आया लक्ष्मी महतो
बिजली विभाग से सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
हाईटेंशन तार और अर्थिंग से ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा का खतरा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तरतरा गांव में मंगलवार सुबह बिजली करंट की चपेट में आने से 12 वर्षीय किशोर लक्ष्मी महतो गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे में उसके दोनों पैर और दायां हाथ बुरी तरह झुलस गए। घायल किशोर को तत्काल मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, स्कूल में छुट्टी होने के कारण लक्ष्मी मंगलवार सुबह गांव के समीप बकरी चराने गया था। इसी दौरान वह एक पेड़ के पास गीली जमीन पर नंगे पैर बैठा हुआ था। बताया जाता है कि 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की अर्थिंग से जमीन में करंट फैल गया था, जिसकी चपेट में आने से किशोर झुलस गया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
इसे भी पढ़ें : Adityapur : आदित्यपुर में आपसी विवाद ने लिया हिंसक रूप, चाकूबाजी में दो लोग गंभीर रूप से घायल
मनोहरपुर में बिजली करंट की चपेट में आने से किशोर घायल
ग्रामीणों के अनुसार, मनोहरपुर पावर ग्रिड से रायकेरा और ढीपा पंचायत के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति के लिए 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन कोयल नदी के ऊपर से होकर गुजरती है। इसी लाइन की अर्थिंग व्यवस्था से जुड़े करंट के जमीन में फैलने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद गांव के लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के प्रति नाराजगी जताते हुए हाईटेंशन लाइन, अर्थिंग और अन्य विद्युत उपकरणों की तत्काल जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि विभाग को संभावित खतरे वाले स्थानों को चिह्नित कर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने चाहिए, ताकि ग्रामीणों और मवेशियों को ऐसी दुर्घटनाओं से बचाया जा सके। लोगों ने भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए बिजली विभाग से शीघ्र कार्रवाई की अपील की है।
























