जेबी लाइव, रिपोर्टर
झारखंड में मानसून का असर लगातार तेज होता जा रहा है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान रांची, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, गिरिडीह, कोडरमा, चतरा, रामगढ़, पूर्बी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पश्चिम सिंहभूम, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा जिलों में तेज गर्जन-तड़ित के साथ भारी बारिश की संभावना है.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण झारखंड में बारिश की तीव्रता और बढ़ सकती है. इस दौरान बिजली गिरने और वज्रपात की घटनाओं का खतरा भी अधिक रहेगा. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक बाहर न निकलें, खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें और पूरी सतर्कता बरतें.
लगातार हो रही बारिश से कई नदियां उफान पर हैं, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने लगी है. इससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है.सड़कों पर जगह-जगह पानी भर गया है और यातायात भी बाधित हो रहा है. ग्रामीण इलाकों में कई कच्चे घरों के क्षतिग्रस्त होने की खबरें भी मिल रही हैं.
हालांकि, यह बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई है.खेतों में धान और अन्य खरीफ फसलों को सींचने के लिए पर्याप्त पानी मिल रहा है, जिससे पैदावार बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है.
प्रशासन ने आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जिलों को अलर्ट कर दिया है.साथ ही आपदा प्रबंधन की टीमों को तैयार रहने का निर्देश दिया गया है.लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग के निर्देशों का पालन करें और सतर्कता बरतें.
























