जेबी लाइव, रिपोर्टर
राजधानी रांची में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है. सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के न्यू मार्केट बस स्टैंड से शनिवार सुबह पुलिस ने चंद्रलोक बस से भारी मात्रा में नकली नोट बरामद किए. पुलिस सूत्रों के अनुसार बस से करीब दो करोड़ रुपये के जाली नोट तीन बक्सों में भरे हुए मिले. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार भी किया है. बताया जा रहा है कि इन जाली नोटों को रांची में खपाने की तैयारी की जा रही थी. गुप्त सूचना मिलने के बाद एसएसपी चंदन सिन्हा के निर्देश पर कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था. टीम ने योजनाबद्ध तरीके से बस स्टैंड पर जांच अभियान चलाया और चंद्रलोक बस को रोककर तलाशी ली, जिसमें नकली नोटों का यह जखीरा बरामद किया गया.
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस जालसाजी के पीछे पूरा नेटवर्क कौन-कौन से लोग चला रहे हैं. अधिकारियों का मानना है कि मामला किसी बड़े सिंडिकेट से जुड़ा हो सकता है, क्योंकि इतनी बड़ी मात्रा में नकली नोट बिना संगठित गिरोह की मदद के संभव नहीं है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ये जाली नोट कहां से छापे गए और किस माध्यम से इन्हें रांची तक लाया गया.
जानकारी के अनुसार यह बस पटना से रांची आ रही थी और इसी दौरान भारी मात्रा में नकली नोट लाने की सूचना पुलिस को मिली थी. समय रहते की गई कार्रवाई से नकली नोटों की बड़ी खेप बाजार में पहुंचने से पहले ही जब्त कर ली गई. जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ और नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने के बाद इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं. फिलहाल पुलिस की कई टीमें इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं.
























