जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर, पुलिस ने शनिवार को सोनारी स्थित टीलू भट्टा टीओपी से महज 20 फीट की दूरी पर चल रही अवैध गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया. डीएसपी मनोज ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर आठ घंटे तक लगातार छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान पुलिस ने लखिंदर सरदार समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया और मौके से छह पिस्टल, हथियार बनाने का पूरा सामान तथा तीन लेथ मशीनें जब्त कीं.
पुलिस के अनुसार, यह फैक्ट्री पिछले एक साल से संचालित हो रही थी. गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया कि वे दुकान के आगे बैग बेचने का बहाना बनाकर आस-पास की गतिविधियों पर नजर रखते थे. हथियार बनाने का काम कुख्यात अपराधी टीलू सरदार के मकान में किया जा रहा था. अवैध कारोबार काफी समय से फल-फूल रहा था और हथियारों की आपूर्ति की जिम्मेदारी मुख्य आरोपी समीर सरदार निभा रहा था. वह बिहार के ग्राहकों से संपर्क कर पिस्टल बेचने का धंधा करता था.
छापेमारी के दौरान समीर सरदार फरार हो गया.उसकी तलाश में पुलिस की टीमें ओडिशा और सरायकेला के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
























