Share

Musabani : झामुमो का विधानसभा स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफल बनाने हेतु तैयारी बैठक

मुसाबनी पार्टी कार्यालय में प्रखंड समिति ने संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की

 

जेबी लाइव, रिपोर्टर

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पार्टी कार्यालय मुसाबनी में प्रखंड समिति की ओर से विधानसभा स्तरीय प्रशिक्षण शिविर को सफल बनाने के लिए एक तैयारी बैठक संपन्न की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष प्रधान सोरेन ने की। इसमें जोन प्रभारी, पंचायत के पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

बैठक में आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रम के संचालन, प्रतिभागियों की सूची और व्यवस्थाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। आगामी कार्यक्रम में झारखंड सरकार के उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिप कुमार सोनू, भू राजस्व मंत्री दीपक बिरवा और पूर्व मंत्री रामदास सोरेन के सुपुत्र सोमेश सोरेन जी उपस्थित रहेंगे।

इसे भी पढ़ें – घाटशिला : फूलडूंगरी झामुमो कार्यालय में धूमधाम से मनाया गया UCIL का 59वां स्थापना दिवस

बैठक में प्रखंड स्तर के सभी पदाधिकारी, पंचायत समिति के पदाधिकारी और प्रत्येक बूथ से 5-5 बूथ समिति के सदस्यों को प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से शामिल होने का निर्देश दिया गया। जोन प्रभारी और पंचायत समिति के पदाधिकारियों को यह दायित्व सौंपा गया कि सभी प्रतिभागियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। बैठक में वरिष्ठ नेता हरीश भगत, झारखंड आंदोलनकारी दामा बेसरा, प्रखंड सचिव महेश्वर हांसदा, कोषाध्यक्ष पालू माझी, उपाध्यक्ष संजीवन पातर, सोशल मीडिया प्रभारी सोमाय सोरेन, सह सचिव कान्हु टुडू, साधु हेंब्रम, आदिम जनजाति उत्थान मंच के अध्यक्ष लोबिन सबर, पंचायत अध्यक्ष गणेश टुडू और अशोक सोरेन मुख्य रूप से उपस्थित थे। इस बैठक के माध्यम से संगठन ने आगामी विधानसभा स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम को सुचारू और प्रभावी बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

Manoharpur : डिग्री कॉलेज मनोहरपुर में नव-नामांकित छात्रों का हुआ भव्य स्वागत

प्राचार्य डॉ. हरिहर प्रधान ने अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य के साथ पढ़ाई करने की दी सीख एनएसएस से जुड़कर समाज

  • प्राचार्य डॉ. हरिहर प्रधान ने अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य के साथ पढ़ाई करने की दी सीख
  • एनएसएस से जुड़कर समाज सेवा में योगदान देने का आह्वान

जेबी लाइव, रिपोर्टर

मनोहरपुर : मनोहरपुर स्थित डिग्री कॉलेज में सत्र 2026-27 के नव-नामांकित छात्र-छात्राओं के लिए परिचय एवं स्वागत समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. हरिहर प्रधान ने की। उन्होंने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, निरंतर परिश्रम और स्पष्ट लक्ष्य का होना आवश्यक है। उन्होंने छात्रों को कॉलेज जीवन का भरपूर लाभ उठाने तथा शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। समारोह के दौरान नवागत छात्र-छात्राओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और शिक्षकों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।

इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान शुरू, नाम जोड़ने और सुधार का मिलेगा अवसर

कॉलेज जीवन को सफल बनाने के लिए छात्रों को दिए गए प्रेरक संदेश

कार्यक्रम में प्रो. साकेत बिहारी, डॉ. अन्नपूर्णा, डॉ. चैतन्य एवं प्रो. डेमो पुरती ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि कॉलेज केवल डिग्री प्राप्त करने का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास और सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने का महत्वपूर्ण मंच है। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. प्रधान ने बताया कि इस वर्ष कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की शुरुआत की गई है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से एनएसएस की सदस्यता लेकर समाज सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी और शिक्षक उपस्थित रहे।

Manoharpur : मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान शुरू, नाम जोड़ने और सुधार का मिलेगा अवसर

4 सितंबर तक चलेगा विशेष अभियान, नए मतदाता भी कर सकेंगे आवेदन 18 वर्ष पूरे करने वाले युवा भी बन

  • 4 सितंबर तक चलेगा विशेष अभियान, नए मतदाता भी कर सकेंगे आवेदन
  • 18 वर्ष पूरे करने वाले युवा भी बन सकेंगे नए मतदाता

जेबी लाइव, रिपोर्टर

मनोहरपुर : मनोहरपुर क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत 5 अगस्त 2026 से कर दी गई है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) घर-घर जाकर मतदाताओं से आवेदन प्राप्त करेंगे। यह अभियान 4 सितंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, नाम में त्रुटि सुधारने, पते में संशोधन कराने तथा अन्य आवश्यक बदलाव कराने का अवसर मिलेगा। जिन लोगों का नाम किसी कारणवश मतदाता सूची से छूट गया है या कट गया है, वे इस अवधि के दौरान आवेदन देकर अपना नाम दर्ज करा सकते हैं।

इसे भी पढ़ें : Manoharpur : नंदपुर पंचायत भवन के सुंदरीकरण कार्य पर उठे सवाल, गुणवत्ता में कमी और राशि दुरुपयोग का आरोप

एक माह तक चलेगा मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान

निर्वाचन आयोग के अनुसार 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के पात्र होंगे। इसके लिए उन्हें संबंधित बीएलओ के पास फॉर्म-6 भरकर जमा करना होगा। आवेदन के साथ आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो जमा करना आवश्यक है। बीएलओ ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते अपने नाम और विवरण की जांच कर आवश्यक सुधार करवा लें, ताकि आगामी चुनावों में मतदान के अधिकार का उपयोग बिना किसी परेशानी के कर सकें।

Manoharpur : नंदपुर पंचायत भवन के सुंदरीकरण कार्य पर उठे सवाल, गुणवत्ता में कमी और राशि दुरुपयोग का आरोप

पहली बारिश में फीका पड़ा रंग, जर्जर फर्श की मरम्मत किए बिना रंग-रोगन करने का आरोप सुंदरीकरण कार्य की जांच

  • पहली बारिश में फीका पड़ा रंग, जर्जर फर्श की मरम्मत किए बिना रंग-रोगन करने का आरोप
  • सुंदरीकरण कार्य की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग तेज

जेबी लाइव, रिपोर्टर

मनोहरपुर : मनोहरपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित निर्माणाधीन नंदपुर पंचायत भवन के सुंदरीकरण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि भवन के रंग-रोगन में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है, जिसके कारण पहली ही बारिश में दीवारों का रंग धूमिल पड़ने लगा है। लोगों का कहना है कि भवन को आकर्षक दिखाने के लिए केवल बाहरी रंग-रोगन पर ध्यान दिया गया, जबकि मूलभूत समस्याओं की अनदेखी की गई है। विशेष रूप से भवन के प्रवेश द्वार के पास का फर्श पहले से जर्जर अवस्था में है, लेकिन उसकी मरम्मत कराने के बजाय केवल रंग करके स्थिति को छिपाने का प्रयास किया गया है। इससे कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मनोहरपुर CHC में बढ़ रहे मौसमी बीमारियों के मरीज, वायरल फीवर के मामले अधिक

घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग का ग्रामीणों ने लगाया आरोप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सरकारी वेंडर के माध्यम से कराए जा रहे इस कार्य में मानकों का पालन नहीं किया गया और केवल औपचारिकता पूरी कर सरकारी राशि खर्च की जा रही है। सबसे हैरानी की बात यह बताई जा रही है कि पंचायत के मुखिया को भी भवन सुंदरीकरण के लिए स्वीकृत राशि की स्पष्ट जानकारी नहीं है। सूत्रों के अनुसार इस कार्य के लिए लगभग 10 से 12 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, खर्च की गई राशि का लेखा-जोखा सार्वजनिक करने तथा दोषी लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सरकारी धन से होने वाले कार्यों में गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।

Manoharpur : मनोहरपुर CHC में बढ़ रहे मौसमी बीमारियों के मरीज, वायरल फीवर के मामले अधिक

सर्दी, जुकाम, बुखार और लूज मोशन से पीड़ित मरीजों की बढ़ी संख्या, डॉक्टरों ने बरतने को कहा एहतियात स्वच्छता और

  • सर्दी, जुकाम, बुखार और लूज मोशन से पीड़ित मरीजों की बढ़ी संख्या, डॉक्टरों ने बरतने को कहा एहतियात
  • स्वच्छता और सतर्कता से मौसमी बीमारियों पर लग सकती है रोक

जेबी लाइव, रिपोर्टर

मनोहरपुर : मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में बदलते मौसम के साथ मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग सर्दी, जुकाम, खांसी, बुखार, बदन दर्द और लूज मोशन जैसी शिकायतों को लेकर ओपीडी में पहुंच रहे हैं। अस्पताल में कराई जा रही रक्त जांच में अधिकांश मरीजों में वायरल फीवर के लक्षण पाए जा रहे हैं, जबकि कुछ मामलों में मलेरिया की भी पुष्टि हुई है। चिकित्सकों के अनुसार मौसम में अचानक बदलाव और संक्रमण के प्रसार के कारण वायरल बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए चिकित्सा कर्मी भी सतर्कता के साथ उपचार और जांच की व्यवस्था में जुटे हुए हैं।

इसे भी पढ़ें : Manoharpur : बारिश के मौसम में सांपों का आतंक, घरों और झाड़ियों में निकलने से लोगों में दहशत

मौसम परिवर्तन से बढ़ा वायरल संक्रमण का खतरा

चिकित्सकों ने बताया कि मरीजों में तेज बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी, हाथ-पैर और शरीर में दर्द के साथ दस्त की शिकायतें अधिक देखी जा रही हैं। डॉक्टरों का कहना है कि दूषित पानी का सेवन, अस्वच्छ वातावरण और बासी भोजन इन बीमारियों के प्रमुख कारण बन रहे हैं। उन्होंने लोगों से साफ-सफाई बनाए रखने, उबला या स्वच्छ पानी पीने तथा ताजा एवं पौष्टिक भोजन करने की सलाह दी है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि किसी व्यक्ति को लगातार बुखार, उल्टी, दस्त या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई दें तो घरेलू उपचार पर निर्भर रहने के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करानी चाहिए। समय पर उपचार से बीमारी को गंभीर होने से रोका जा सकता है।

Manoharpur : बारिश के मौसम में सांपों का आतंक, घरों और झाड़ियों में निकलने से लोगों में दहशत

मनोहरपुर में घर के अंदर मिला काला सांप, पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास दिखा अजगर वन विभाग से रेस्क्यू टीम और

  • मनोहरपुर में घर के अंदर मिला काला सांप, पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास दिखा अजगर
  • वन विभाग से रेस्क्यू टीम और जागरूकता अभियान की मांग

जेबी लाइव, रिपोर्टर

मनोहरपुर : मनोहरपुर क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ गई हैं, जिससे लोगों में भय और चिंता का माहौल बन गया है। घरों के आसपास उगी झाड़ियां, जलजमाव और गंदगी वाले स्थान सांपों के लिए सुरक्षित ठिकाना बनते जा रहे हैं। ताजा घटना मनोहरपुर रेलवे फाटक के समीप की है, जहां एक महिला घर बंद कर राशन लेने गई थी। वापस लौटने पर उसने देखा कि घर के अंदर एक लंबा काला सांप कुंडली मारकर बैठा हुआ है। यह दृश्य देखते ही महिला घबरा गई और शोर मचाने लगी। शोर सुनकर सांप बिछावन के भीतर घुस गया, जिसके बाद पूरे परिवार में दहशत फैल गई। परिजनों ने सांप पकड़ने के लिए स्थानीय युवक कुशल मुखी से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका मोबाइल बंद होने के कारण तत्काल सहायता नहीं मिल सकी।

इसे भी पढ़ें : Dumaria : 150 गांवों की जीवनरेखा बनी जर्जर सड़क, निर्माण की मांग को लेकर दुखनी सोरेन ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

घरों में सांप निकलने से बढ़ी लोगों की चिंता

वहीं दूसरी ओर मनोहरपुर पीडब्ल्यूडी कार्यालय के सामने स्थित झाड़ियों में एक अजगर देखे जाने से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। अजगर की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और सुरक्षित दूरी बनाकर उसे देखने लगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दिनों में सांपों का आबादी वाले क्षेत्रों में आना लगातार बढ़ रहा है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों ने वन विभाग और प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में विशेष रेस्क्यू टीम की व्यवस्था की जाए तथा सांपों से बचाव और आपात स्थिति में अपनाए जाने वाले उपायों के बारे में जागरूकता अभियान चलाया जाए। ग्रामीणों का मानना है कि समय पर कार्रवाई से संभावित हादसों को रोका जा सकता है।

Dumaria : 150 गांवों की जीवनरेखा बनी जर्जर सड़क, निर्माण की मांग को लेकर दुखनी सोरेन ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

सेरालडीह–नरसिंहबहाल–बारुनिया मार्ग की बदहाली से हजारों ग्रामीण परेशान, शीघ्र निर्माण की उठी मांग प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई और स्थायी समाधान

  • सेरालडीह–नरसिंहबहाल–बारुनिया मार्ग की बदहाली से हजारों ग्रामीण परेशान, शीघ्र निर्माण की उठी मांग
  • प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई और स्थायी समाधान की मांग

जेबी लाइव, रिपोर्टर

डुमरिया : डुमरिया प्रखंड की सेरालडीह–नरसिंहबहाल–बारुनिया होते हुए ओडिशा को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर क्षेत्रवासियों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन की पुत्री दुखनी सोरेन ने बुधवार को पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर सड़क के शीघ्र निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि यह सड़क लगभग 150 गांवों के हजारों लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख साधन है। वर्षों से सड़क की स्थिति खराब बनी हुई है, लेकिन अब तक इसके पुनर्निर्माण या समुचित मरम्मत की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है। इससे ग्रामीणों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

इसे भी पढ़ें : Chandil : चांडिल डैम विस्थापितों ने आंदोलन तेज करने का किया ऐलान, ग्रामीण संवाद यात्रा निकलेगी

150 गांवों के लोगों की आवाज बनी सड़क निर्माण की मांग

ज्ञापन में कहा गया है कि प्रतिदिन छात्र-छात्राएं, किसान, मजदूर, महिलाएं, बुजुर्ग और छोटे व्यवसायी इसी सड़क का उपयोग करते हैं। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और बरसात के दौरान जमा होने वाले कीचड़ के कारण आवागमन जोखिम भरा हो गया है। कई स्थानों पर वाहन फंस जाने से घंटों जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे लोगों का समय और संसाधन दोनों प्रभावित होते हैं। सबसे गंभीर समस्या मरीजों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने में आती है। खराब सड़क के कारण आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित होती हैं, जिससे लोगों की जान तक जोखिम में पड़ जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग उठाई जा रही है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।

इसे भी पढ़ें : Jhargram : जंगलमहल के समग्र विकास को लेकर जेएसएम ने सौंपा 27 सूत्री मांगपत्र, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से की ठोस पहल की मांग

खराब सड़क से शिक्षा, स्वास्थ्य और आवागमन पर पड़ रहा असर

दुखनी सोरेन ने कहा कि सड़क की बदहाली का सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ रहा है। खेतों में तैयार कृषि उपज समय पर बाजार तक नहीं पहुंच पाने से किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है। झारखंड और ओडिशा को जोड़ने वाला यह मार्ग व्यापार, परिवहन और क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने उपायुक्त से सड़क का स्थल निरीक्षण कराने, आवश्यक तकनीकी मूल्यांकन कराने और शीघ्र निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की। साथ ही सड़क के स्थायी सुदृढ़ीकरण के लिए आवश्यक प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दिलाने का आग्रह किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर त्वरित कार्रवाई करेगा और क्षेत्रवासियों को सुरक्षित तथा सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराएगा।

You cannot copy content of this page

Scroll to Top