- 11 पंचायतों और 3 नगरीय निकायों में लगेंगे शिविर
- लाभुकों को त्वरित समाधान व ऑन-द-स्पॉट सेवा वितरण का लक्ष्य
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पूर्वी सिंहभूम जिले में 21 नवंबर 2025 से ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम की शुरुआत की जा रही है, जिसे उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार संचालित किया जाएगा। पहले ही दिन 11 पंचायतों और तीन नगरीय निकाय क्षेत्रों में शिविर लगाए जाएंगे, जिनका प्रमुख उद्देश्य पात्र लाभुकों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ते हुए त्वरित एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है। शिविरों में आम जनता की समस्याओं का समाधान, सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन प्राप्ति तथा ऑन-द-स्पॉट लाभ वितरण जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर प्रदान की जाएंगी। प्रशासन का कहना है कि पोर्टल पर सभी आवेदनों और वितरण की जानकारी अपडेट कर पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : राज्यपाल संतोष गंगवार ने जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह में छात्राओं को दी उपाधि
शिविरों में लाभुक उन्मुख योजनाओं हेतु आवेदन सैचुरेशन मोड में लिए जाएंगे, जिसमें पेंशन योजनाएं, आयुष्मान भारत कार्ड आवेदन, ऑन-द-स्पॉट वितरण तथा विभिन्न योजनाओं से जुड़ी परिसंपत्तियों का वितरण शामिल है। ‘कल्याण मंच’ के माध्यम से स्कूली बच्चों के अवितरित जाति प्रमाण पत्रों का लैमिनेशन कर वितरण, SHG/क्लस्टर सदस्यों को ID कार्ड, धोती–साड़ी–लुंगी, कंबल तथा अन्य सरकारी परिसंपत्तियों का वितरण किया जाएगा। शिविर में प्राप्त शिकायतों का तत्काल समाधान कर उनकी जानकारी व तस्वीरें पोर्टल पर अपलोड की जाएंगी। साथ ही राजस्व अभिलेख संशोधन, जन्म/मृत्यु प्रमाण पत्र सुधार, आधार व राशन कार्ड सुधार, बिजली बिल शिकायत निवारण जैसे कार्य भी प्राथमिकता से किए जाएंगे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : पूर्वी विधानसभा के बारीडीह में विधायक पूर्णिमा साहू ने 38 लाख की योजनाओं का शुभारंभ
शिविरों के दौरान बिरसा सिंचाई कूप संवर्द्धन योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, वन पट्टा वितरण, किसान क्रेडिट कार्ड वितरण समेत अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ भी उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रत्येक योजना के लिए अलग-अलग स्टॉल स्थापित किए जाएंगे, ताकि लाभुकों को एक ही स्थान पर सहज, सुगम और पारदर्शी सेवाएं मिल सकें। उपायुक्त ने जिले के सभी लाभुकों और नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि व स्थान पर उपस्थित होकर राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं और अपनी लंबित समस्याओं का समाधान शिविर में ही प्राप्त करें।
























