- पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव के चलते महिमा महतो ने की आत्महत्या
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बोड़ाम थाना क्षेत्र के डी बोड़ाम प्रखंड गांव में सोमवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 29 वर्षीय नवविवाहिता महिमा महतो ने अपने ही कमरे में साड़ी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतका के पति निरंजन महतो ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि सोमवार शाम वह काम से घर लौटे थे। इसी दौरान मोबाइल फोन को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। विवाद के बाद महिमा गुस्से में आकर अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक जब कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो परिजनों को शक हुआ। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया। दरवाजा खुलते ही परिजनों के होश उड़ गए। कमरे के अंदर महिमा साड़ी के सहारे पंखे से लटकी हुई थी। परिजनों ने आनन-फानन में उसे नीचे उतारा और तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : सांड्रा आंगनवाड़ी सेविका चयन पर विवाद, बीडीओ से की गई शिकायत
घटना की जानकारी मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों के अनुसार महिमा की शादी करीब डेढ़ साल पहले निरंजन महतो से हुई थी। दंपती का पांच महीने का एक मासूम बच्चा भी है। नवविवाहिता की मौत से बच्चे के भविष्य को लेकर परिजन बेहद चिंतित हैं। गांव के लोग भी इस घटना से मर्माहत हैं और परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आत्महत्या के कारणों को लेकर परिजनों से पूछताछ की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर पारिवारिक विवादों और मानसिक तनाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
























