- पंचायत प्रतिनिधि के चयन पर उठे सवाल, पुनः प्रक्रिया की मांग
- नियमानुसार गलत चयन का आरोप, ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन
- सीडीपीओ पर अनदेखी का आरोप, उच्च अधिकारियों से हस्तक्षेप की अपील
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के सांड्रा पंचायत अंतर्गत सांड्रा गांव में आंगनवाड़ी सेविका चयन प्रक्रिया को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रामीणों ने मंगलवार को बहरागोड़ा के बीडीओ केशव भारती को एक ज्ञापन सौंपते हुए चयन प्रक्रिया को नियम विरुद्ध बताया और तत्काल कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार 15 दिसंबर को आयोजित आमसभा में रूमा दत्त का सर्वसम्मति से चयन किया गया था, लेकिन वह पहले से ही उसी पंचायत में पंचायत समिति सदस्य के रूप में कार्यरत हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नियमानुसार किसी पंचायत प्रतिनिधि का आंगनवाड़ी सेविका के पद पर चयन किया जाना गलत है।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : यूसिल में 63वें वार्षिक मेटल माइंस खान सुरक्षा सप्ताह की शुरुआत
आमसभा के फैसले पर उठे सवाल, दोबारा चयन की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर प्रभारी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) के समक्ष भी आपत्ति दर्ज कराई थी, लेकिन वहां से कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने बीडीओ से मांग की है कि इस चयन प्रक्रिया को तत्काल रद्द कर नियमों के अनुसार दोबारा चयन कराया जाए। ग्रामीणों ने ज्ञापन की प्रतिलिपि विधायक समीर मोहंती और जमशेदपुर उपायुक्त को भी भेजी है। इस मौके पर आरती नायक, मानस महंती, गणेश दीगर सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।
























