- गौसनगर शाही कॉलोनी रोड नंबर-9 में दहशत, पुलिस जांच में जुटी
- दीवार फांदकर घर में घुसे चोर, अकेले युवक को बनाया बंधक
- चाकू से धमकाकर बांधा, विरोध करने पर जान से मारने की दी धमकी
- परिचित युवक पर शक, करीब 50 हजार की चोरी का दावा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
कपाली के गौसनगर शाही कॉलोनी रोड नंबर-9 में बीती रात चोरी की एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। यह घटना रात करीब तीन बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार चोर दीवार फांदकर सुनियोजित तरीके से घर के अंदर घुसे। घटना के समय पीड़ित परिवार के सभी सदस्य चांडिल कीटाडीह उरुस में शामिल होने गए हुए थे, जबकि घर में केवल अख्तर अली मौजूद थे, जो सो रहे थे। अख्तर अली के अनुसार रात करीब 12 बजे के बाद उन्हें आसपास कुछ आवाजें सुनाई दीं, लेकिन उन्होंने इसे सामान्य समझकर अनदेखा कर दिया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : इमामबाड़ा मैदान की चहारदीवारी का विरोध, रेलवे का काम रुका
रात के सन्नाटे में सुनाई दी संदिग्ध हलचल
अख्तर अली ने बताया कि जब आवाजें लगातार आने लगीं तो उन्हें शक हुआ और वे बाहर निकल आए। बाहर आते ही घर के अंदर छिपे कुछ युवकों ने उन्हें पकड़ लिया और रस्सी से बांध दिया। चोरों ने उन्हें चाकू मारने की धमकी दी और शोर मचाने पर जान से मारने की बात कही। भय और असहाय स्थिति में अख्तर अली कोई विरोध नहीं कर सके। इसके बाद चोरों ने अलमारी और घर के अन्य हिस्सों से गहने व कीमती सामान समेटा और मौके से फरार हो गए। सुबह होने पर अख्तर अली ने किसी तरह खुद को मुक्त किया और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : सरायकेला छऊ नृत्य मंचन के लिए कलाकारों का दल पलामू रवाना
बंधक बनाकर लूट को दिया अंजाम, सुरक्षा बढ़ाने की उठी मांग
सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य घर लौटे, जहां अलमारी खुली हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्हें एक परिचित युवक पर शक है। परिजनों के अनुसार घटना से एक दिन पहले वही युवक रात में चार बार घर का ताला तोड़ने की कोशिश कर चुका था और पूछताछ करने पर वह मौके से भाग गया था। परिवार का दावा है कि चोरी में करीब 50 हजार रुपये मूल्य के गहने और अन्य सामान गायब हुए हैं। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं स्थानीय लोगों ने इलाके में रात की गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
























