- उलीडीह थाना क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो तस्कर गिरफ्तार
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर के उलीडीह थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के श्याम नगर छठ घाट के पास मादक पदार्थ की अवैध खरीद-बिक्री करते हुए दो युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 50 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई है। यह कार्रवाई पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई, जिनके आदेशानुसार जिले में मादक पदार्थ के कारोबारियों के खिलाफ लगातार निगरानी और छापामारी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक वचनदेव कुमार के नेतृत्व में थाना प्रभारी शारिक अली एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापेमारी की और दोनों युवकों को पकड़ लिया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर पुलिस का बड़ा खुलासा, बागबेड़ा से तीन अपराधी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए
पुलिस जांच में गिरफ्तार युवकों की पहचान शेरा देवगम और दीपक मुंडा के रूप में हुई है। दोनों आरोपी न्यू उलीडीह मुर्दा मैदान क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में मादक पदार्थ की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
























