जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका थाना में तैनात महिला चौकीदार ज्योतिका हेंब्रम की निर्मम हत्या के मामले ने उस वक्त नया मोड़ ले लिया, जब घटना के बाद सामने आए एक वायरल वीडियो में तत्कालीन थाना प्रभारी मनोज कुमार मुर्मू का नाम सामने आया। वीडियो में लगाए गए गंभीर आरोपों को देखते हुए जमशेदपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पोटका थाना प्रभारी मनोज कुमार मुर्मू को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए हैं। उनकी जगह सब-इंस्पेक्टर सन्नी टोप्पो को पोटका थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। बताया जा रहा है कि महिला चौकीदार ज्योतिका हेंब्रम की हत्या उसके प्रेमी गणेश मांझी ने चाकू से गला काटकर की थी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : उलीडीह में अधिवक्ता पर जानलेवा हमला, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
हत्या के बाद गणेश मांझी ने भी आत्महत्या कर ली। यह घटना अपने आप में बेहद सनसनीखेज है, लेकिन मामले को और गंभीर बना दिया गणेश मांझी द्वारा आत्महत्या से पहले बनाया गया वीडियो, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो चुका है। वायरल वीडियो में गणेश मांझी ने दावा किया था कि उसे 14 दिसंबर को यह जानकारी मिली थी कि उसकी प्रेमिका ज्योतिका हेंब्रम के पोटका थाना प्रभारी मनोज मुर्मू के साथ अवैध संबंध हैं। उसने वीडियो में कहा कि इसी बात से वह मानसिक रूप से टूट गया था और इसी जलन व गुस्से में उसने ज्योतिका की हत्या कर दी। वीडियो में गणेश ने यह भी कहा कि हत्या करने के बाद वह खुद आत्महत्या कर रहा है। साथ ही उसने प्रशासन से अपील की थी कि उसकी मौत के बाद उसके घर-परिवार और भाई को किसी तरह की परेशानी न दी जाए।
इसे भी पढ़ें : Ranchi : जेपीएससी फूड सेफ्टी ऑफिसर रिजल्ट 18 माह से लंबित, छात्रों का आक्रोश
हालांकि, पोटका थाना प्रभारी रहे मनोज कुमार मुर्मू ने वीडियो में लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद और झूठा बताया है। उनका कहना है कि उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है और उन्हें साजिश के तहत बदनाम किया जा रहा है। बावजूद इस मामले की संवेदनशीलता और वायरल वीडियो में सीधे तौर पर नाम आने के कारण एसएसपी ने निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उन्हें हटा दिया है। इधर, इस दोहरे मौत के मामले में दोनों मृतकों के परिजनों ने अलग-अलग शिकायत दर्ज कराते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। परिजनों का कहना है कि सच्चाई सामने आनी चाहिए और यदि किसी भी स्तर पर कोई दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। एसएसपी की इस त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई के बाद अब लोगों को उम्मीद है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होगी और हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं से पर्दा उठ सकेगा।
























