- जमशेदपुर लोकल ट्रेलर ओनर यूनियन ने कंपनी प्रबंधन पर लगाया मांगों की अनदेखी का आरोप
- ड्राइवरों ने चेताया—मांगें नहीं मानी गईं तो ठप होगा काम
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर लोकल ट्रेलर ओनर यूनियन की ओर से टाटा कंपनी की पार्किंग व्यवस्था और ड्राइवरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर बड़ा आंदोलन करने का ऐलान किया गया है। यूनियन ने घोषणा की है कि आगामी 5 जनवरी से लगभग 5 हजार ड्राइवर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। यूनियन का कहना है कि टाटा कंपनी पार्किंग में ड्राइवरों की समस्याओं को लगातार अनदेखा किया जा रहा है। इससे पूर्व भी यूनियन के बैनर तले ड्राइवरों ने बर्मामाइंस पार्किंग गेट को जाम कर प्रदर्शन किया था, जहां कंपनी अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक उस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : कैंसर पीड़ित महिला ने डीसीएलआर से लगाई गुहार, भाई पर घर से बेघर करने का आरोप
बर्मामाइंस पार्किंग गेट जाम कर जताया गया था विरोध
यूनियन अध्यक्ष जय किशोर सिंह ने आरोप लगाया कि ड्राइवरों से मेडिकल जांच के नाम पर अवैध रूप से पैसे वसूले जा रहे हैं और हर महीने जरूरत से कहीं अधिक खून लिया जा रहा है। उन्होंने इसे कंपनी के कुछ अधिकारियों और संवेदकों की मिलीभगत से चल रहा अवैध धंधा बताया। इसके अलावा पार्किंग की स्थिति बेहद जर्जर है, जिसे दुरुस्त नहीं किया जा रहा है। ड्राइवरों को न्यूनतम मजदूरी तक नहीं मिल रही है, जिससे उनका शोषण हो रहा है। यूनियन का कहना है कि इन सभी मुद्दों को लेकर कई बार सरकारी दफ्तरों और टाटा कंपनी प्रबंधन के समक्ष आवाज उठाई गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। ऐसे में यूनियन ने चेतावनी दी है कि 5 जनवरी से शहर की सभी पार्किंग अवरुद्ध कर दी जाएंगी।
























