- जेपी पांडेय ने स्वास्थ्य विभाग से सतर्कता और जागरूकता बढ़ाने की अपील की
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पटना : भाजपा किसान मोर्चा झारखंड के प्रदेश पदाधिकारी सह झारखंड राज्य समाज कल्याण आंगनवाड़ी कर्मचारी संघ के संयोजक जय प्रकाश पांडेय ने बिहार में HIV संक्रमण को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि सीतामढ़ी जिले में हालिया मामलों के बाद अब राजधानी पटना, विशेषकर पटना रेलवे जंक्शन के आसपास के क्षेत्रों में HIV संक्रमण का खतरा बढ़ता दिख रहा है। पांडेय ने दावा किया कि इन इलाकों में सामाजिक-आर्थिक कारणों से संक्रमण की आशंका अधिक है, इसलिए राज्य के आंगनवाड़ी केंद्रों में विशेष सतर्कता समय की मांग बन गई है। उन्होंने कहा कि सभी जिलों के पंचायत और प्रखंड स्तर पर स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर रोकथाम की रणनीति को मजबूत करना चाहिए।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा JNV में टाटा मोटर्स की तकनीकी कार्यशाला, छात्रों को मिला कौशल प्रशिक्षण का प्रमाण
जागरूकता, दवा और समन्वित अभियान की जरूरत
जय प्रकाश पांडेय ने कहा कि आर्थिक, शैक्षणिक और सामाजिक पिछड़ेपन के कारण बिहार HIV के खतरे से जूझ रहा है, जिससे निपटने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय को विशेष अभियान शुरू करना चाहिए। उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक दवाओं, जांच और सुरक्षा उपायों की व्यवस्था करने की मांग की। साथ ही प्रत्येक जिले और प्रखंड में आशा कार्यकर्ता, एएनएम और डॉक्टरों को जोड़कर समन्वित प्रयास करने पर बल दिया। पांडेय के अनुसार समाचार पत्रों, मीडिया, स्कूल-कॉलेज और कार्यस्थलों पर HIV से संबंधित सही जानकारी और बचाव के उपायों का व्यापक प्रचार जरूरी है। उन्होंने बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय से राज्यव्यापी विशेष अभियान की पहल करने का आग्रह किया, ताकि समय रहते संक्रमण पर नियंत्रण पाया जा सके।


























