- सीसीटीवी कैमरा मोड़कर वारदात, पुलिस जांच में जुटी
- रात ढाई बजे शटर तोड़कर दुकान में घुसे चोर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के खासमहाल इलाके में रविवार देर रात चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। चोरों ने कांग्रेस के पश्चिमी कालीमाटी पंचायत अध्यक्ष ताहिर मलिक की कपड़ा दुकान एसके फैशन गारमेंट्स को निशाना बनाया। घटना रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है, जब चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी से पहले चोरों ने बगल की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का मुंह ऊपर की ओर मोड़ दिया, ताकि उनकी पहचान रिकॉर्ड न हो सके। कैमरे की फुटेज में कैमरा हिलाए जाने की हरकत साफ देखी गई है, जिससे चोरी की नीयत स्पष्ट होती है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में सांसद विद्युत वरण महतो की पहल, 200 जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण
30 से 40 हजार की चोरी, कांग्रेस नेताओं ने की सख्त कार्रवाई की मांग
सुबह जब दुकानदार ताहिर मलिक दुकान खोलने पहुंचे तो उन्होंने शटर का ताला टूटा हुआ पाया। इसके बाद उन्होंने तत्काल परसुडीह थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान का निरीक्षण किया। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। ताहिर मलिक ने बताया कि यदि चोर दुकान के अंदर और आगे बढ़ जाते तो मुख्य ताला तोड़कर सारा सामान भी ले जा सकते थे, लेकिन सीसीटीवी कैमरों की मौजूदगी के कारण बड़ा नुकसान टल गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी की रकम 30 से 40 हजार रुपये के बीच बताई जा रही है। इस मामले में परसुडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। वहीं कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से जल्द मामले का खुलासा करने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने कहा है कि जांच जारी है और जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
























