- ग्रामीण एसपी ऋषि गर्ग ने किया मामले का उद्भेदन, देसी कट्टा और खून लगा चाकू बरामद
- वाहन जांच के दौरान पकड़े गए दोनों आरोपी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गालूडीह : पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सीएचसी केंद्र संचालक तारापद महतो की गोली मारकर हत्या मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में बिरसानगर थाना क्षेत्र जोन नंबर-1 निवासी विकास दुबे उर्फ राहुल दुबे (21) और टेल्को खड़ंगाझाड़ निवासी अभिषेक कुमार उर्फ गोलू उर्फ हैप्पी (21) शामिल हैं। ग्रामीण एसपी ऋषि गर्ग ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि एमजीएम थाना क्षेत्र के चांदनी चौक के पास वाहन जांच अभियान के दौरान दोनों संदिग्ध अवस्था में पकड़े गए। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी कट्टा, मोटरसाइकिल, खून लगा चाकू और एक खोखा बरामद किया गया।
इसे भी पढ़ें : Gua : मकर संक्रांति पर रामतीर्थ धाम में भव्य मेला, वैतरणी तट पर होगी गंगा आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम
जमीन विवाद बना हत्या की वजह, अन्य की तलाश जारी
ग्रामीण एसपी ने आगे बताया कि तारापद महतो की हत्या जमीन विवाद को लेकर की गई थी। इस मामले में पूर्व में तारापद महतो द्वारा जितेंद्र दुबे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी, जो फिलहाल जेल में बंद है। पुलिस के अनुसार, जितेंद्र दुबे के परिवार के सदस्यों ने बदले की भावना से इस वारदात को अंजाम दिया। गिरफ्तार दोनों आरोपी उसी साजिश का हिस्सा थे। फिलहाल दोनों को जेल भेज दिया गया है, जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा कर लिया जाएगा।
























