- सूने घर को बनाया निशाना, लाखों के जेवर और नकदी पर हाथ साफ
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडीह इलाके में मंगलवार देर शाम चोरों ने आतंक मचा दिया। एक ही शाम अलग-अलग स्थानों पर दो बंद घरों को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने नकदी, जेवरात और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए। पहली घटना धतकीडीह बीएच एरिया रोड नंबर–2 की है, जहां अरशद हुसैन अपने परिवार के साथ डॉक्टर के पास इलाज के लिए गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने घर का फायदा उठाते हुए ताला तोड़ा और भीतर घुस गए। चोर करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, 25 हजार रुपये नकद और कई जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गए। देर शाम जब परिवार घर लौटा तो टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
इसे भी पढ़ें : Ramgarh : रामगढ़ में उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक
दूसरे घर में भी चोरी, पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे
दूसरी चोरी की घटना धतकीडीह बीएच रोड नंबर–1 स्थित क्वार्टर नंबर 80 की है, जहां नदीम खान का बंद क्वार्टर चोरों के निशाने पर रहा। पीड़ित व्यक्ति ड्यूटी पर गया हुआ था, जबकि उसकी पत्नी मायके गई हुई थी। घर पूरी तरह सूना पाकर चोरों ने ताला तोड़ा और अंदर से 25 हजार रुपये नकद, करीब 300 ग्राम चांदी के जेवर और कई सोने की अंगूठियां चोरी कर लीं। दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोग सहमे हुए हैं और रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
























