मांगड़ोसोल गांव में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने किया स्मरण
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड की भूतिया पंचायत अंतर्गत मांगड़ोसोल गांव में झारखंड आंदोलनकारी स्वर्गीय सनातन हेंब्रम की छठी पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। सुरेंद्रनाथ हांसदा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। समारोह में मुख्य रूप से उपस्थित मुखिया विधान चंद्र मंडी, प्रमुख सुषमा मुर्मू सोरेन तथा अन्य अतिथियों ने स्वर्गीय हेंब्रम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन और झारखंड आंदोलन में दिए गए योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने समाज और क्षेत्र के अधिकारों के लिए निरंतर आवाज बुलंद की। अतिथियों ने कहा कि स्व. हेंब्रम एक सच्चे जननेता और संघर्षशील योद्धा थे, जिनकी असमय मृत्यु समाज के लिए बड़ी क्षति है। उनके आदर्श, विचार और संघर्ष की विरासत नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है तथा उन्हें जन-जन तक पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : नशा मुक्ति अभियान में स्कूली बच्चों की पहल, गांव-गांव पहुंचाया जागरूकता का संदेश
बच्चों को शैक्षणिक सामग्री वितरित कर शिक्षा के प्रति किया प्रोत्साहित
पुण्यतिथि कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सरोकार से जुड़े कई प्रेरणादायक कार्य भी किए गए। ग्राम प्रधान पंचानन हांसदा ने स्वर्गीय सनातन हेंब्रम की पत्नी काजोल हेंब्रम को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और परिवार के प्रति सम्मान व्यक्त किया। वहीं मांगड़ोसोल मध्य विद्यालय के विद्यार्थियों के बीच कलम और कॉपियों का वितरण कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर टिका राम मुर्मू, सालाई हांसदा, नारायण हांसदा, सोरल सोरेन, साहेब राम सोरेन, चांदमोनी हांसदा, झनों हांसदा, श्रीमती सोरेन, रोथू नाथ हांसदा, बैध नाथ हांसदा और रबी चांद मांडी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम का माहौल भावुक होने के साथ-साथ प्रेरणादायक भी रहा।



























