एनएच-49 पर देर रात हुआ हादसा, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के बरसोल थाना क्षेत्र अंतर्गत पाथरघाटा चौक के समीप एनएच-49 पर गुरुवार देर रात करीब 1 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के समय इलाके में अंधेरा अधिक होने के कारण काफी देर तक शव सड़क पर ही पड़ा रहा। सूचना मिलते ही बरसोल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जमशेदपुर भेज दिया गया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में दो बाइकों की भीषण भिड़ंत, युवक गंभीर रूप से घायल, बारीपदा रेफर
शिनाख्त के लिए पुलिस की छानबीन तेज
मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। बरसोल पुलिस मृतक की शिनाख्त के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस ने सोशल मीडिया के विभिन्न ग्रुपों में शव की तस्वीर साझा की है तथा एनएच किनारे स्थित होटलों, दुकानों और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वहीं घटना के बाद इलाके में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।


























