नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने किया स्थलीय निरीक्षण, जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान पर जोर
शहर में आधुनिक ड्रेनेज नेटवर्क तैयार करने की कवायद शुरू
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चाईबासा : चाईबासा शहर में जलजमाव और जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर परिषद ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। सोमवार को नगर परिषद अध्यक्ष Nitin Prakash ने कार्यपालक पदाधिकारी संतोष्णी मुर्मू, रांची से आई तकनीकी एजेंसी के प्रतिनिधियों, अभियंताओं और अन्य अधिकारियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। नगर परिषद ने शहर के ड्रेनेज सिस्टम का वैज्ञानिक सर्वेक्षण और आधुनिक डिजाइन तैयार कराने की जिम्मेदारी एक विशेषज्ञ एजेंसी को सौंपी है। निरीक्षण के दौरान राजस्थान भवन से अमल टोला स्थित रानी सती मंदिर तक पूरे ड्रेनेज नेटवर्क का विस्तृत सर्वे करने और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नई योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया। अध्यक्ष ने कहा कि बढ़ती आबादी, शहरी विस्तार और बरसात के दौरान जल निकासी की आवश्यकता को ध्यान में रखकर ऐसा ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा, जो लंबे समय तक प्रभावी साबित हो।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मानव विकास स्कूल में उत्साहपूर्वक मनाया गया वन महोत्सव, बच्चों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
जलभराव वाले क्षेत्रों और प्रमुख स्थलों का किया गया तकनीकी निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान राजस्थान भवन के समीप सड़क पर बने धंसान और आसपास जलभराव वाले क्षेत्रों का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि इन स्थानों का तकनीकी अध्ययन कर स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार की जाए। इसके अलावा डीआईजी आवास के आसपास जल निकासी की समस्या का भी निरीक्षण किया गया। तकनीकी एजेंसी को प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर ऐसा ड्रेनेज डिजाइन तैयार करने को कहा गया, जिससे बारिश के मौसम में पानी का जमाव न हो। नगर परिषद अध्यक्ष ने जुबिली तालाब और पार्क का भी निरीक्षण किया तथा वहां की सफाई व्यवस्था, हरियाली और रखरखाव की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित साफ-सफाई और बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : श्यामा प्रसाद इंटरमीडिएट कॉलेज में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का भव्य स्वागत, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया गया जोर
बेहतर नागरिक सुविधाओं और स्वच्छता पर नगर परिषद का फोकस
निरीक्षण के क्रम में बाबा मंदिर के समीप स्थित आश्रय गृह, ओपन जिम और सार्वजनिक शौचालय का भी निरीक्षण किया गया। अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने इन परिसरों की साफ-सफाई, उपलब्ध सुविधाओं और रखरखाव की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक मरम्मत और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नगर परिषद शहर के समग्र विकास, स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है। वैज्ञानिक आधार पर तैयार होने वाला नया ड्रेनेज सिस्टम भविष्य में जलभराव की समस्या को काफी हद तक समाप्त करेगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद उपाध्यक्ष विकास शर्मा, वार्ड पार्षद सन्नी पासवान, सिटी मैनेजर संतोष बेदिया, कनीय अभियंता तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।























