उत्तराखंड के पीपलकोटी हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट में कार्य के दौरान हुई दुर्घटना, सहायता दिलाने का दिया आश्वासन
हरसंभव सहयोग का भरोसा, परिवार के साथ खड़े रहने का संकल्प
जेबी लाइव, रिपोर्टर
डुमरिया : डुमरिया प्रखंड के पलासबनी पंचायत अंतर्गत नुदायडीह टोला निवासी विजय हांसदा की उत्तराखंड के चमोली जिले स्थित विष्णुगढ़ क्षेत्र के पीपलकोटी हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट में कार्य के दौरान हुए टनल हादसे में मौत हो जाने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार 13 अगस्त 2026 को परियोजना में काम करने के दौरान अचानक हुए हादसे में विजय हांसदा की जान चली गई। घटना की सूचना गांव पहुंचते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और ग्रामीणों में भी शोक का माहौल व्याप्त हो गया। विजय हांसदा अपने परिवार के प्रमुख सहारा थे और उनकी असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : लगातार बारिश से प्रभावित क्षेत्रों का विधायक पूर्णिमा साहू ने लिया जायजा, घर-घर पहुंचाई राहत सामग्री
टनल हादसे की खबर से गांव में पसरा मातम
घटना की जानकारी मिलने के बाद पोटका विधानसभा क्षेत्र की समाजसेविका एवं महिला नेत्री दुखनी सोरेन शोक संतप्त परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचीं। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की तथा इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की अपील की। दुखनी सोरेन ने कहा कि विजय हांसदा का निधन न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को संबंधित विभागों और प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा तथा हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, नोआमुंडी में अक्षय ऊर्जा दिवस और राखी मेकिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
शोकाकुल परिवार से मिलीं दुखनी सोरेन
परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत के दौरान दुखनी सोरेन ने कहा कि संकट की इस घड़ी में परिवार स्वयं को अकेला न समझे। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे हर स्तर पर परिवार के साथ खड़ी रहेंगी। गांव के लोगों ने भी विजय हांसदा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। पूरे पलासबनी गांव में मातम का माहौल है और लोग इस दुखद घटना को लेकर स्तब्ध हैं।


























