हर माह के अंतिम सप्ताह में आयोजित होगा हेल्थ कैंप, विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे परामर्श
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : फुलडुंगरी कोर्ट रोड स्थित धरम बहाल में संचालित भागमनी सेवा सदन में आगामी 26 जुलाई को एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी सेवा सदन के संचालक रामजी राय ने प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि आम लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह शिविर आयोजित किया जा रहा है। साथ ही भागमनी सेवा सदन की ओर से प्रत्येक माह के अंतिम सप्ताह में नियमित रूप से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाने का निर्णय लिया गया है। इस पहल से क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : धतकीडीह तालाब में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, क्षेत्र में मचा हड़कंप
विशेषज्ञ डॉक्टरों की रहेगी मौजूदगी, 24 घंटे मिलेगी स्वास्थ्य सेवा
रामजी राय ने बताया कि भागमनी सेवा सदन में विभिन्न प्रकार के रोगों का उपचार न्यूनतम शुल्क पर किया जाएगा तथा मरीजों के लिए 24×7 स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि शिविर और नियमित स्वास्थ्य सेवाओं के तहत नेत्र रोग, हड्डी रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग (गायनिक) तथा शिशु रोग विशेषज्ञों की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। जरूरत पड़ने पर मरीजों को भर्ती करने की सुविधा भी दी जाएगी। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाने की अपील की। प्रेस वार्ता में डॉ. अतानु मजूमदार, डॉ. एम. के. रजक तथा दीपक रॉय भी उपस्थित रहे और स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

























