निर्माण स्थल पर सूचना पट नहीं लगाने का आरोप, संघ ने उठाए कई सवाल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : घाटशिला में ग्रामीण विकास विभाग द्वारा निर्माणाधीन जोहार मार्ट को लेकर झारखंडी भाषा भाषी मूलनिवासी संघ ने पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। गुरुवार को संघ के केंद्रीय अध्यक्ष संजय बेहरा एवं पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष आनंद हेम्ब्रम के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के नाम ज्ञापन सौंपा। बीडीओ की अनुपस्थिति में यह ज्ञापन प्रधान लिपिक को दिया गया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि निर्माण स्थल पर अब तक सूचना पट नहीं लगाया गया है, जिसके कारण निर्माण कार्य की प्राक्कलित लागत, कार्य अवधि, संवेदक का नाम और मजदूरों के लिए निर्धारित न्यूनतम मजदूरी दर जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां सार्वजनिक नहीं हो सकी हैं। संघ का कहना है कि सरकारी निर्माण कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इन जानकारियों का सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित होना आवश्यक है।
इसे भी पढ़ें : Ranchi/Potka : राज्यपाल से मिलीं दुखनी सोरेन, JSSC संताली प्रश्नपत्र मामले में जांच की मांग
स्थानीय मजदूरों को प्राथमिकता और न्यूनतम मजदूरी की मांग
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि 29 जुलाई को उन्होंने इस विषय पर प्रखंड विकास पदाधिकारी को मौखिक रूप से जानकारी दी थी। उनके अनुसार, बीडीओ ने इस मामले में लिखित शिकायत देने की सलाह दी थी, जिसके बाद गुरुवार को औपचारिक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि निर्माण कार्य में अपेक्षित पारदर्शिता का अभाव दिखाई दे रहा है। संघ ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण स्थल पर अविलंब सूचना पट लगाया जाए, मजदूरों को निर्धारित न्यूनतम मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित किया जाए तथा निर्माण कार्य में स्थानीय मजदूरों को प्राथमिकता दी जाए। संघ का कहना है कि इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। हालांकि इस मामले में प्रखंड विकास पदाधिकारी का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। उनका पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।























