लंबे समय से हादसों का खतरा बना पुल अब होगा दुरुस्त, निर्माण शुरू होने से स्थानीय लोगों ने ली राहत की सांस
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : बड़ाजामदा-नोवामुंडी मुख्य मार्ग पर बालाजी प्लांट से आगे स्थित लंबे समय से जर्जर पड़े पुल के निर्माण कार्य की शुरुआत होने से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। वर्षों से बदहाल स्थिति में पड़ा यह पुल कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था। पुल की हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि उसकी लोहे की सरिया बाहर निकल आई थी और बीच हिस्से में बड़ा छेद बन गया था। भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती थी। बड़ाजामदा-नोवामुंडी मार्ग क्षेत्र का अत्यंत व्यस्त सड़क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन हजारों मालवाहक ट्रक, यात्री बसें, निजी वाहन और दोपहिया वाहन गुजरते हैं। लौह अयस्क परिवहन का प्रमुख मार्ग होने के कारण यहां चौबीसों घंटे वाहनों का आवागमन जारी रहता है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : सालदोहा के काजू जंगल में डटे गजराज, ग्रामीणों में बढ़ी दहशत
जर्जर पुल से बढ़ रही थी दुर्घटना की आशंका
पुल के कंक्रीट के कई हिस्से टूटकर बिखर चुके थे और लोहे की सरिया बाहर दिखाई देने लगी थी। बीच में बने बड़े गड्ढे के कारण वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर पुल पार करना पड़ता था। स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से इसकी मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग कर रहे थे। प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी भी बढ़ रही थी। बीते सप्ताह क्षेत्र की महिला समिति ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए श्रमदान कर पुल के बीच बने गड्ढे को भरने का कार्य किया था। महिलाओं की इस पहल की क्षेत्रभर में सराहना हुई थी। लोगों का कहना था कि संबंधित विभागों की निष्क्रियता के बीच महिलाओं ने आगे बढ़कर संभावित दुर्घटनाओं को रोकने का सराहनीय प्रयास किया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : दिवंगत वार्ड सदस्य रतन मुंडा को पंचायत भवन में दी गई श्रद्धांजलि
गुणवत्ता के साथ समय पर निर्माण पूरा करने की मांग
अब झारखंड सरकार द्वारा पुल निर्माण का कार्य आरसीपी एंड कंपनी को सौंपा गया है। सोमवार से जेसीबी मशीनों की सहायता से खुदाई और अन्य प्रारंभिक निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। निर्माण कार्य प्रारंभ होते ही स्थानीय ग्रामीणों, वाहन चालकों और सामाजिक संगठनों में खुशी का माहौल है। लोगों का मानना है कि नए पुल के निर्माण से वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा और आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनेगा। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य का स्वागत करते हुए मांग की है कि गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि पुल का निर्माण मजबूत और टिकाऊ होना चाहिए ताकि भविष्य में लोगों को किसी तरह की परेशानी या दुर्घटना का सामना न करना पड़े।

























