बड़ाजामदा-नोवामुंड़ी मुख्य मार्ग पर पुलिया की हालत चिंताजनक, स्थानीय लोगों में बढ़ी दुर्घटना की आशंका
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : बड़ाजामदा से नोवामुंड़ी जाने वाले मुख्य सड़क मार्ग पर सुखचैन मोटर के आगे स्थित पुलिया की स्थिति बेहद जर्जर हो चुकी है। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों के अनुसार पुलिया कभी भी ध्वस्त हो सकती है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है। पुलिया के बीचों-बीच बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं तथा कई स्थानों पर आर-पार छेद दिखाई देने लगे हैं। इससे इसकी मजबूती पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि लंबे समय से पुलिया की मरम्मत नहीं होने के कारण स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। बरसात का मौसम शुरू होने से खतरा और बढ़ गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों में भय का माहौल बना हुआ है।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा सेल में लौह अयस्क उत्पादन कार्य में अनियमितता का आरोप, पूर्व विधायक ने जांच की उठाई मांग
भारी वाहनों की आवाजाही से बढ़ रही समस्या
यह सड़क क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों में से एक मानी जाती है। इसी मार्ग से प्रतिदिन टाटानगर से किरीबुरू, बड़बिल और जोड़ा तक चलने वाली यात्री बसों का आवागमन होता है। इसके अलावा बड़बिल और आसपास के खनन क्षेत्रों से लौह अयस्क लेकर आने-जाने वाले भारी मालवाहक ट्रक भी इसी पुलिया से गुजरते हैं। लगातार भारी वाहनों के दबाव के कारण पुलिया की स्थिति और अधिक खराब होती जा रही है। वाहन चालकों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं की गई तो पुलिया किसी भी दिन जवाब दे सकती है, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित होने के साथ जान-माल का भी बड़ा नुकसान हो सकता है।
इसे भी पढ़ें : Gua : धुबिल माइंस के ठेकेदार के खिलाफ वाहन मालिकों ने खोला मोर्चा, आंदोलन की दी चेतावनी
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
स्थानीय ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने बताया कि पुलिया की मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग को लेकर कई बार आंदोलन और विरोध-प्रदर्शन किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने प्रशासन पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि समस्या को नजरअंदाज किया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों ने झारखंड सरकार तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों से तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ाजामदा-नोवामुंड़ी मुख्य सड़क मार्ग को अनिश्चितकाल के लिए जाम कर आंदोलन शुरू किया जाएगा।

























