मरीजों के साथ दुर्व्यवहार और बदहाल व्यवस्था पर भड़के मजदूर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा स्थित Steel Authority of India Limited के सेल अस्पताल की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों के साथ कथित दुर्व्यवहार के खिलाफ सोमवार शाम झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यूनियन के बैनर तले सैकड़ों ठेका मजदूरों और सेल कर्मियों ने शाम करीब पांच बजे अस्पताल परिसर का घेराव कर नारेबाजी की। लगभग एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे के नेतृत्व में प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में अस्पताल की गिरती व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा गया कि इसका सीधा असर सेल कर्मियों, स्थानीय निवासियों और आसपास के ग्रामीणों पर पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि अस्पताल कर्मियों का व्यवहार मरीजों और उनके परिजनों के प्रति ठीक नहीं है, जिससे लोगों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : ईचागढ़ और सरायकेला प्रखंड में योजनाओं का औचक निरीक्षण, अधिकारियों ने दिए सख्त निर्देश
दवाइयों, साफ-सफाई और प्रसूति सुविधा की उठी मांग

संघ ने अस्पताल की कई बुनियादी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। ज्ञापन में दवाइयों की नियमित उपलब्धता, वार्ड, स्नानघर और शौचालयों की साफ-सफाई, नई एक्स-रे मशीन की व्यवस्था तथा मरीजों के लिए भोजन और नाश्ते की बेहतर सुविधा की मांग की गई। इसके अलावा रविवार को लैब सेवा शुरू रखने, सभी मरीजों के लिए सलाइन उपलब्ध कराने तथा गर्भवती महिलाओं के लिए बेहतर प्रसूति सुविधा और अल्ट्रासोनोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई। यूनियन ने कहा कि राउरकेला सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में रेफर मरीजों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जिसे तत्काल दूर किया जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने ठेका कर्मियों के इलाज और दवा बिल भुगतान में हो रही देरी पर भी नाराजगी जताई।
इसे भी पढ़ें : Saraikela : आंधी-तूफान से जामडीह-गुंडा बिहार सड़क ठप, बिजली पोल और पेड़ गिरने से बढ़ी परेशानी
आंदोलन तेज करने की चेतावनी, उत्पादन ठप करने की बात कही
संघ ने अस्पताल परिसर में गंदगी और मच्छरों की समस्या को भी गंभीर बताते हुए प्रबंधन से जल्द सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की। यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि स्वास्थ्य सेवाओं में जल्द सुधार नहीं हुआ तो चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा। इसमें गुवा आयरन माइंस का उत्पादन और डिस्पैच ठप करने जैसे कड़े कदम भी शामिल हो सकते हैं। संघ ने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी। ज्ञापन की प्रतिलिपि संबंधित उच्च अधिकारियों और गुवा थाना प्रभारी को भी भेजी गई है। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में मजदूर और कर्मचारी मौजूद रहे।























