तैयारियों में जुटे भाजपा कार्यकर्ता, देशभक्ति के संदेश को घर-घर पहुंचाने का संकल्प
भाजपा नेता राहुल षाड़ंगी ने जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी के साथ बनाई रणनीति
स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति और जनभागीदारी का बनेगा अनूठा संगम
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिले का बहरागोड़ा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर होने जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों को ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में भाजपा के युवा नेता राहुल षाड़ंगी ने भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी से शिष्टाचार मुलाकात कर संगठनात्मक रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में 15 अगस्त को आयोजित होने वाली विशाल तिरंगा बाइक रैली को भव्य और जनसहभागिता से परिपूर्ण बनाने पर विशेष मंथन किया गया। जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी के नेतृत्व में आयोजित इस रैली के माध्यम से पूरे क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति, एकता और राष्ट्रीय गौरव का संदेश पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। भाजपा नेताओं ने इसे स्वतंत्रता दिवस के प्रमुख आकर्षणों में शामिल करने की योजना बनाई है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : साकची शिव मंदिर में 12 हजार लीटर गंगाजल से सहस्त्रघट जलाभिषेक, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा परिसर
14 अगस्त को 1100 विद्यार्थियों के बीच वितरित होंगे तिरंगा और मिठाई
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को घाटशिला स्थित जेसी हाई स्कूल में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर राहुल षाड़ंगी ने विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष तापस चटर्जी तथा विद्यालय के प्राचार्य से मुलाकात कर रूपरेखा तय की। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के लगभग 1100 छात्र-छात्राओं के बीच राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) और मिठाइयों का वितरण किया जाएगा। राहुल षाड़ंगी ने बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और युवा पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने क्षेत्रवासियों से स्वतंत्रता दिवस के सभी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील भी की।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : एसआईआर-2026 को लेकर उपायुक्त की बीएलओ के साथ ऑनलाइन समीक्षा बैठक, घर-घर सत्यापन पर दिया जोर
ग्रामीण क्षेत्रों में दिख रहा उत्साह, बड़ी भागीदारी की उम्मीद
राहुल षाड़ंगी ने बताया कि विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बहरागोड़ा की सड़कों पर सैकड़ों बाइक सवारों के साथ विशाल तिरंगा बाइक रैली निकाली जाएगी। जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी के मार्गदर्शन में रैली की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर नगर क्षेत्र तक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को कार्यक्रम से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। नेताओं का मानना है कि यह रैली केवल एक आयोजन नहीं बल्कि राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बनेगी। भाजपा नेताओं ने संयुक्त रूप से क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं और नागरिकों से इस राष्ट्रीय उत्सव का हिस्सा बनने तथा तिरंगा यात्रा को सफल बनाने की अपील की है।
























