- दोनों चापाकल खराब, जलस्तर गिरने से स्कूल में पानी की गंभीर समस्या
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : जादूगोड़ा क्षेत्र के मुसाबनी प्रखंड अंतर्गत माटीगोंडा पंचायत के कुलामारा गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय जोबला में गर्मी की शुरुआत के साथ ही पेयजल संकट गहरा गया है। स्कूल में मौजूद दोनों चापाकल महीनों से खराब पड़े हैं, जिससे बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय के प्रभारी प्रकाश झा ने बताया कि हर साल गर्मी के दौरान जलस्तर नीचे चला जाता है, जिससे चापाकल काम करना बंद कर देते हैं। फिलहाल बच्चे गांव के सोलर जलमीनार पर निर्भर हैं, लेकिन वह भी कुछ देर चलने के बाद बंद हो जाता है। ऐसे में स्कूली बच्चों को प्यास बुझाने के लिए स्कूल से करीब 300 मीटर दूर जाना पड़ता है, जिससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : पोटका में पीएम जन-मन आवास की राशि हड़पने का मामला, बिचौलिये पर FIR दर्ज
मध्याह्न भोजन तक प्रभावित, शिक्षा विभाग की उदासीनता पर उठे सवाल
पानी की कमी का असर सिर्फ बच्चों की प्यास तक सीमित नहीं है, बल्कि मध्याह्न भोजन व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। भोजन बनाने के लिए रसोइयों को दूर से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी हो रही है। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि इस समस्या की जानकारी कई बार संबंधित विभाग को दी गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने भी शिक्षा विभाग से जल्द समाधान की मांग की है। घने जंगलों के बीच बसे इस स्कूल के बच्चों को कड़ी धूप में पानी लाने की मजबूरी ने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन कब जागता है और बच्चों को इस गंभीर पेयजल संकट से राहत मिल पाती है या नहीं।






















