- मुखिया अनीता मुर्मू ने दिलीप भक्त पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए थाने में दी शिकायत
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में पीएम जन-मन आवास योजना में घोटाले का मामला सामने आया है, जहां बिचौलियों द्वारा गरीबों की लाखों रुपये की राशि हड़पने का आरोप लगा है। डोमजुड़ी पंचायत की मुखिया अनीता मुर्मू ने भुरकाडीह निवासी दिलीप भक्त के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ितों में ग्वालकाटा पंचायत के सबर नगर की डेबरी सबर और मोहना सबर के साथ खुर्शी गांव की दुली मुर्मू शामिल हैं। दुली मुर्मू ने बताया कि आरोपी ने खुद को प्रखंड कार्यालय का कर्मचारी बताकर उनका घर बनवाने का भरोसा दिलाया और बैंक से 50 हजार रुपये निकलवाकर ले लिया। बावजूद इसके दो साल बीत जाने के बाद भी उनका घर अधूरा पड़ा है। इस घटना ने ग्रामीणों में आक्रोश पैदा कर दिया है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहन के कन्यादान से पहले भाई ने लगाया मौत के गले, आर्थिक तंगी बनी वजह
छह से अधिक पीड़ित सामने आए, प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
मुखिया अनीता मुर्मू का कहना है कि यह कोई एकल मामला नहीं है, बल्कि अब तक आधा दर्जन से अधिक लोगों के साथ इसी तरह की ठगी हो चुकी है। बिचौलिये खुलेआम घूम रहे हैं और गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर ठग रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।






















