Share

Chaibasa : नक्सल प्रभावित सारंडा में पुलिस की मानवता, भटकी महिला को परिवार से मिलाया

  • किरीबुरू पुलिस की संवेदनशील पहल से मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला सकुशल घर पहुंची

जेबी लाइव, रिपोर्टर

चाईबासा : नक्सल प्रभावित सारंडा क्षेत्र से एक सकारात्मक और मानवीय खबर सामने आई है, जहां आमतौर पर सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच तनावपूर्ण हालात बने रहते हैं। ऐसे संवेदनशील माहौल में किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने एक भटकी हुई महिला को उसके परिवार तक सकुशल पहुंचाकर सराहनीय कार्य किया है। जानकारी के अनुसार सारंडा क्षेत्र में तैनात सीआईएसएफ जवानों ने सुबह करीब पांच बजे एक महिला को संदिग्ध हालत में घूमते देखा। महिला काले कपड़ों में थी और इलाके में हाल ही में नक्सली गतिविधियों के कारण सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त थी। जवानों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को सुरक्षित हिरासत में लेकर किरीबुरू थाना पुलिस को सौंप दिया।

इसे भी पढ़ें : Jadugoda : गर्मी बढ़ते ही जोबला विद्यालय में गहराया पेयजल संकट, बच्चों को 300 मीटर दूर जाना पड़ रहा

पूछताछ में खुला मामला, परिवार से बिछड़कर पहुंची थी जंगल क्षेत्र

थाना में महिला से पूछताछ की गई, जिसमें पंचायत की मुखिया और महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी सुनिश्चित की गई। जांच के दौरान पता चला कि महिला कल्पना देवी है, जो देवघर जिले के रंगामोदी चक गांव की रहने वाली है और मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही है। मामूली पारिवारिक विवाद के बाद वह एक अप्रैल से लापता थी और भटकते हुए सारंडा के घने जंगलों तक पहुंच गई थी। पुलिस ने उसे सुरक्षित स्थान पर रखा, नए कपड़े और चप्पल उपलब्ध कराए तथा लगातार उसके परिजनों की तलाश में जुट गई। इस दौरान पुलिस ने मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए महिला की हर संभव देखभाल की।

इसे भी पढ़ें : Jadugoda : पोटका में पीएम जन-मन आवास की राशि हड़पने का मामला, बिचौलिये पर FIR दर्ज

परिजनों से संपर्क कर सौंपा सुपुर्द, पुलिस की पहल की सराहना

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने महिला के पति शिव नारायण राय और पिता त्रिपुरारी राय से संपर्क स्थापित किया। सूचना मिलने पर दोनों परिजन किरीबुरू पहुंचे और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद महिला को उनके सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि कल्पना देवी पहले भी कई बार घर छोड़कर दूर-दराज के शहरों तक चली गई थी, लेकिन हर बार उसे ढूंढकर वापस लाया गया। इस बार भी पुलिस की तत्परता से वह सुरक्षित मिल सकी। नक्सल प्रभावित इलाके में इस तरह की संवेदनशील कार्रवाई ने पुलिस की सकारात्मक छवि को मजबूत किया है और स्थानीय लोगों के बीच विश्वास बढ़ाया है। यह घटना मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की एक प्रेरणादायक मिसाल बन गई है।

Leave a Comment

Jadugoda : पोटका में पीएम जन-मन आवास की राशि हड़पने का मामला, बिचौलिये पर FIR दर्ज

मुखिया अनीता मुर्मू ने दिलीप भक्त पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए थाने में दी शिकायत जेबी लाइव, रिपोर्टर जादूगोड़ा

  • मुखिया अनीता मुर्मू ने दिलीप भक्त पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए थाने में दी शिकायत

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जादूगोड़ा : जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में पीएम जन-मन आवास योजना में घोटाले का मामला सामने आया है, जहां बिचौलियों द्वारा गरीबों की लाखों रुपये की राशि हड़पने का आरोप लगा है। डोमजुड़ी पंचायत की मुखिया अनीता मुर्मू ने भुरकाडीह निवासी दिलीप भक्त के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ितों में ग्वालकाटा पंचायत के सबर नगर की डेबरी सबर और मोहना सबर के साथ खुर्शी गांव की दुली मुर्मू शामिल हैं। दुली मुर्मू ने बताया कि आरोपी ने खुद को प्रखंड कार्यालय का कर्मचारी बताकर उनका घर बनवाने का भरोसा दिलाया और बैंक से 50 हजार रुपये निकलवाकर ले लिया। बावजूद इसके दो साल बीत जाने के बाद भी उनका घर अधूरा पड़ा है। इस घटना ने ग्रामीणों में आक्रोश पैदा कर दिया है।

इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहन के कन्यादान से पहले भाई ने लगाया मौत के गले, आर्थिक तंगी बनी वजह

छह से अधिक पीड़ित सामने आए, प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग

मुखिया अनीता मुर्मू का कहना है कि यह कोई एकल मामला नहीं है, बल्कि अब तक आधा दर्जन से अधिक लोगों के साथ इसी तरह की ठगी हो चुकी है। बिचौलिये खुलेआम घूम रहे हैं और गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर ठग रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Baharagoda : बहन के कन्यादान से पहले भाई ने लगाया मौत के गले, आर्थिक तंगी बनी वजह

जेबी लाइव, रिपोर्टर बहरागोड़ा : जिस घर में चार दिन बाद शहनाइयां गूंजनी थीं और बहन की विदाई की रस्में

जेबी लाइव, रिपोर्टर

बहरागोड़ा : जिस घर में चार दिन बाद शहनाइयां गूंजनी थीं और बहन की विदाई की रस्में पूरी होनी थीं, वहां आज भाई की अर्थी उठने की तैयारी हो रही है। उईनाला गांव निवासी 23 वर्षीय अनिमेष साहू ने शुक्रवार की रात पॉलिटेक्निक कॉलेज के पीछे स्थित काजू बागान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार की सुबह जब पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला भेजा, तो पूरे गांव के लोगों की आंखें नम हो गईं।

इसे भी पढ़ें Gua : गुवा में 72 घंटे का भूख हड़ताल समाप्त, वार्ता न होने से उग्र आंदोलन की चेतावनी

मृतक के पिता महादेव साहू ने पुलिस को बताया कि 21 अप्रैल को होने वाली अपनी बहन की शादी के लिए अनिमेष काफी चिंतित था, वह आर्थिक तंगी के कारण पैसों का इंतजाम न कर पाने के गहरे मानसिक तनाव से गुजर रहा था। बीती 17 अप्रैल से लापता अनिमेष की तलाश पुलिस तकनीकी सेल (मोबाइल लोकेशन) की मदद से कर रही थी, जिसका अंत काजू के पेड़ से झूलते उसके शव के साथ हुआ। इस दुखद घटना ने न केवल एक परिवार की खुशियां छीन लीं, बल्कि पूरे गांव में मातम पारस गया।

Gua : गुवा में 72 घंटे का भूख हड़ताल समाप्त, वार्ता न होने से उग्र आंदोलन की चेतावनी

प्रबंधन की अनुपस्थिति से नाराज ग्रामीणों ने 20 अप्रैल को चक्का जाम का किया ऐलान जेबी लाइव, रिपोर्टर गुवा :

  • प्रबंधन की अनुपस्थिति से नाराज ग्रामीणों ने 20 अप्रैल को चक्का जाम का किया ऐलान

जेबी लाइव, रिपोर्टर

गुवा : गुवा क्षेत्र में 12 गांवों के मुंडा-मानकी के बैनर तले चल रहा 72 घंटे का भूख हड़ताल शनिवार सुबह 8 बजे समाप्त हो गया। तीन दिनों तक चले इस आंदोलन के दौरान न तो प्रशासन और न ही सेल प्रबंधन की ओर से कोई अधिकारी वार्ता के लिए पहुंचा, जिससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखने को मिला। आंदोलनकारियों का आरोप है कि उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है, जिसके कारण उन्हें यह कठोर कदम उठाना पड़ा। भूख हड़ताल के दौरान कई ग्रामीणों की तबीयत भी प्रभावित हुई, लेकिन इसके बावजूद किसी भी स्तर पर संवाद की पहल नहीं की गई। इस रवैये से नाराज होकर ग्रामीणों ने आंदोलन को और तेज करने का संकेत दिया है।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

सोमवार को जीरो प्वाइंट से बंकर क्षेत्र तक चक्का जाम, उत्पादन प्रभावित करने की तैयारी

भूख हड़ताल समाप्त होने के बाद आयोजित बैठक में आगे की रणनीति पर चर्चा की गई, जिसमें सर्वसम्मति से 20 अप्रैल, सोमवार को सुबह 4 बजे से चक्का जाम करने का निर्णय लिया गया। यह जाम सेल के जीरो प्वाइंट से लेकर बंकर क्षेत्र तक रहेगा, जिससे खदान क्षेत्र में होने वाले डिस्पैच को पूरी तरह ठप करने की योजना है। साथ ही खदान में चलने वाली बस सेवाओं को भी बाधित किया जाएगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। इस आंदोलन को पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा का समर्थन भी प्राप्त है, और वे स्वयं चक्का जाम में शामिल होकर नेतृत्व कर सकते हैं।

Jamshedpur : कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

बाल अधिकार, पोक्सो और संविधानिक जानकारी पर छात्राओं को किया गया जागरूक विधिक जागरूकता से बढ़ा छात्राओं का आत्मविश्वास चित्रांकन,

  • बाल अधिकार, पोक्सो और संविधानिक जानकारी पर छात्राओं को किया गया जागरूक
  • विधिक जागरूकता से बढ़ा छात्राओं का आत्मविश्वास
  • चित्रांकन, निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर लिया भाग

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : नालसा एवं झालसा तथा उच्च न्यायालय, रांची के आदेशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सिविल कोर्ट जमशेदपुर और जिला शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, सुंदरनगर में बाल अधिकारों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर चित्रांकन, निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में जलियांवाला बाग हत्याकांड पर आधारित मनमोहक नृत्य और नाटक भी प्रस्तुत किए गए, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

इसे भी पढ़ें : Baharagoda : अटूट आस्था का अद्भुत संगम, बहरागोड़ा में गाजन महोत्सव की भव्यता

छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जीता मन

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी ने छात्राओं को भारतीय संविधान, मौलिक अधिकारों, बाल अधिकारों, बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006, पोक्सो अधिनियम 2012, बाल श्रम निषेध अधिनियम 2016 तथा शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जीवन में अनुशासन, समय का सदुपयोग, अच्छी संगत और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा भी दी। साथ ही नालसा टोल फ्री नंबर 15100, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस सेवा 112/100 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 की जानकारी देकर छात्राओं को जागरूक किया गया। कार्यक्रम में रवि मुर्मू, अरुण रजक, राम कंडे मिश्रा सहित कई लोग उपस्थित रहे।

Baharagoda : अटूट आस्था का अद्भुत संगम, बहरागोड़ा में गाजन महोत्सव की भव्यता

चित्रेश्वर और बहुलिया शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं ने दिखाया साहस और भक्ति का अनोखा रूप छऊ नृत्य और मेले ने

  • चित्रेश्वर और बहुलिया शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं ने दिखाया साहस और भक्ति का अनोखा रूप
  • छऊ नृत्य और मेले ने बढ़ाई उत्सव की रौनक

जेबी लाइव, रिपोर्टर

बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के ऐतिहासिक चित्रेश्वर शिव मंदिर और बाबा भूतेश्वर शिव मंदिर बहुलिया में सोमवार को गाजन पर्व का भव्य आयोजन हुआ। सदियों पुरानी इस परंपरा में श्रद्धालुओं ने अपनी अटूट आस्था और साहस का अद्भुत प्रदर्शन किया। सुवर्णरेखा नदी में स्नान कर पवित्र हुए भोक्ताओं ने धधकते अंगारों पर नंगे पांव चलकर और शरीर में लोहे की कीलें व त्रिशूल चुभाकर भगवान शिव के प्रति अपनी भक्ति प्रकट की। यह दृश्य देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु एकत्रित हुए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया।

इसे भी पढ़ें : Gua : बड़ाजामदा मोबाइल चोरी कांड का खुलासा, तीन नाबालिग पकड़े गए

आस्था और साहस का अद्भुत संगम

अनुष्ठानों के बाद देर रात गाजे-बाजे के साथ भव्य गोरिया भार शोभायात्रा निकाली गई, जिसने पूरे क्षेत्र को उत्सवमय बना दिया। शोभायात्रा के दौरान पवित्र जल वितरण के बाद व्रतियों ने अपना कठिन उपवास समाप्त किया। मेले की रौनक और रातभर चले छऊ नृत्य ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। इस आयोजन में हजारों लोगों की भागीदारी रही, जबकि विश्वजीत राणा, रवींद्र पाईकिरा और अन्य समिति सदस्यों ने इसकी व्यवस्था संभाली। गाजन महोत्सव ने एक बार फिर क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को जीवंत कर दिया।

Gua : बड़ाजामदा मोबाइल चोरी कांड का खुलासा, तीन नाबालिग पकड़े गए

पुलिस की त्वरित कार्रवाई में छह मोबाइल बरामद, आरोपियों को बाल सुधार गृह भेजा गया त्वरित कार्रवाई से बढ़ा लोगों

  • पुलिस की त्वरित कार्रवाई में छह मोबाइल बरामद, आरोपियों को बाल सुधार गृह भेजा गया
  • त्वरित कार्रवाई से बढ़ा लोगों का भरोसा

जेबी लाइव, रिपोर्टर

गुवा : गुवा के बड़ाजामदा बाजार में मोबाइल दुकानों में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने तेजी से खुलासा कर दिया है। इस संबंध में बड़ाजामदा थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने प्रेस वार्ता में बताया कि 11 अप्रैल 2026 को दर्ज मामले में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। ये सभी आरोपी बोकना गांव के निवासी हैं और इन्हें गांव के जंगल से पकड़ा गया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए छह मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। पूछताछ के दौरान तीनों नाबालिगों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

इसे भी पढ़ें : Gua : महिला श्रमिकों की अनदेखी पर गुवा में उभरा आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी

पुलिस की मुस्तैदी से जल्द सुलझा चोरी कांड

पुलिस के अनुसार, 10 अप्रैल की मध्य रात्रि को बड़ाजामदा बाजार स्थित दो मोबाइल दुकानों का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब 10 मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। इस मामले में 11 अप्रैल को दुकानदारों द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अगले ही दिन घटना का खुलासा कर दिया। इस मामले में कांड संख्या 15/26 दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में लेकर चाईबासा बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय दुकानदारों और आम लोगों में राहत की भावना है, वहीं क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की सराहना भी की जा रही है।

Leave a Comment

You cannot copy content of this page

Scroll to Top