Share

Jadugoda : मेचूआ गांव में फ्लड लाइट फुटबॉल महाकुंभ का आयोजन, 32 टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले

  • महिलाओं की ग्लास रेस और बच्चियों की प्रतियोगिताएं बनीं आकर्षण का केंद्र
  • विजेता खिलाड़ियों और प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जादूगोड़ा : जादूगोड़ा के मेचूआ गांव में जूनियर ब्वायज क्लब की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर एक दिवसीय फ्लड लाइट फुटबॉल महाकुंभ का भव्य आयोजन किया गया। देर रात तक चले इस खेल आयोजन में क्षेत्र की 32 टीमों ने हिस्सा लिया और रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। फुटबॉल प्रतियोगिता के साथ-साथ महिलाओं के लिए ग्लास रेस, बॉल पास और पेनाल्टी शॉट प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसने लोगों का खास ध्यान आकर्षित किया। वहीं बच्चियों के बीच बैलून फोड़ और चम्मच रेस प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। पूरे आयोजन के दौरान खेल प्रेमियों और ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिला। खिलाड़ियों और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करने के लिए बड़ी संख्या में लोग मैदान में मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : टीएमएच ने शुरू की 24×7 हेल्पलाइन ‘टीएमएच साथी’, मरीजों को मिलेगी हर समय सहायता

खेल प्रतियोगिताओं से मेचूआ गांव में दिखा उत्साह का माहौल

महिलाओं की ग्लास रेस प्रतियोगिता में सीदाडीह की रूपाली मुर्मू ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि अनीता मुर्मू दूसरे और इंदु मार्डी तीसरे स्थान पर रहीं। कार्यक्रम के अंत में झामुमो के जिला मुख्य संयोजक बाघराय मार्डी, बगुलासाई ग्राम प्रधान मंगल सोरेन तथा मुखिया राम साईं सोरेन ने विजेताओं और प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। आयोजन को सफल बनाने में जूनियर ब्वायज क्लब के सदस्यों और आयोजन समिति के लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Chaibasa : झारखंड जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र ज्योतिषी की माता सुंदर देवी का निधन

91 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस, सामाजिक और धार्मिक क्षेत्र में रही सक्रिय पहचान विभिन्न संगठनों ने व्यक्त

  • 91 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस, सामाजिक और धार्मिक क्षेत्र में रही सक्रिय पहचान
  • विभिन्न संगठनों ने व्यक्त किया गहरा शोक

जेबी लाइव, रिपोर्टर

चाईबासा : चाईबासा में झारखंड जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र ज्योतिषी की माता सुंदर देवी का शनिवार को निधन हो गया। वह 91 वर्ष की थीं और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं। शनिवार को अचानक उनकी तबीयत अधिक बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल चाईबासा के मूंधड़ा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान शाम करीब 5 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। सुंदर देवी अमलाटोला स्थित शनि साईं मंदिर की मुख्य पुजारिन थीं और धार्मिक गतिविधियों में उनकी विशेष रुचि थी। अपने सरल स्वभाव, मृदुभाषी व्यक्तित्व और सेवा भाव के कारण वह क्षेत्र में काफी सम्मानित थीं। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिजनों, शुभचिंतकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों में शोक की लहर दौड़ गई।

इसे भी पढ़ें : Chaibasa : झारखंड अंडर-19 क्रिकेट कैंप के लिए पश्चिमी सिंहभूम के चार खिलाड़ियों का चयन

धार्मिक और सामाजिक क्षेत्र में थी सुंदर देवी की विशेष पहचान

सुंदर देवी अपने पीछे पुत्र-पुत्री, नाती-पोते सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। परिजनों के अनुसार, उन्होंने जीवन के अंतिम समय तक परिवार के बीच रहकर सभी को अपना स्नेह और आशीर्वाद दिया। प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र ज्योतिषी ने बताया कि उनकी माता का अंतिम संस्कार रविवार को चाईबासा स्थित मुक्तिधाम में किया जाएगा। अंतिम संस्कार में परिवार के सदस्य, रिश्तेदार, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में शुभचिंतक शामिल होंगे। सुंदर देवी के निधन पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और पत्रकार संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

Chaibasa : झारखंड अंडर-19 क्रिकेट कैंप के लिए पश्चिमी सिंहभूम के चार खिलाड़ियों का चयन

रांची में होने वाले जेएससीए कैंप में दिखाएंगे प्रतिभा, जिला क्रिकेट जगत में खुशी का माहौल अंतिम टीम में जगह

  • रांची में होने वाले जेएससीए कैंप में दिखाएंगे प्रतिभा, जिला क्रिकेट जगत में खुशी का माहौल
  • अंतिम टीम में जगह बनाने के लिए खिलाड़ियों की होगी कड़ी परीक्षा

जेबी लाइव, रिपोर्टर

चाईबासा : चाईबासा के क्रिकेट प्रेमियों और खेल जगत के लिए गर्व की खबर है। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) की जूनियर चयन समिति ने 5 जुलाई से रांची स्थित जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होने वाले अंडर-19 क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर के लिए 22 संभावित खिलाड़ियों का चयन किया है, जिसमें पश्चिमी सिंहभूम जिले के चार खिलाड़ियों को भी जगह मिली है। अंतर जिला अंडर-19, अंतर जोनल अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिताओं तथा चयन ट्रायल मैचों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर मध्यमक्रम के बल्लेबाज साकेत कुमार सिंह और सुमित शर्मा, सलामी बल्लेबाज आमर्त्य चौधरी तथा बाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज सत्यम सिंह का चयन किया गया है। इनमें साकेत कुमार सिंह और सत्यम सिंह इससे पहले भी झारखंड अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। चयनित खिलाड़ियों को 4 जुलाई की अपराह्न 3 बजे के बाद रांची स्थित जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया है।

इसे भी पढ़ें : Manoharpur : मनोहरपुर स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग तेज, डीआरएम को सौंपा गया ज्ञापन

शानदार प्रदर्शन के दम पर मिली कैंप में जगह

जेएससीए द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 5 से 18 जुलाई तक चलने वाले इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने से पहले सभी खिलाड़ियों को फिटनेस परीक्षण यानी यो-यो टेस्ट पास करना अनिवार्य होगा। जो खिलाड़ी इस परीक्षण में सफल नहीं होंगे, उन्हें कैंप में शामिल नहीं किया जाएगा। पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि आगामी सत्र 2026-27 के लिए झारखंड अंडर-19 टीम के 22 संभावित खिलाड़ियों में जिले के चार खिलाड़ियों का चयन होना पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी खिलाड़ी कैंप में बेहतर प्रदर्शन कर अंतिम 16 सदस्यीय टीम में अपनी जगह बनाने में सफल होंगे। साथ ही उन्होंने उम्मीद व्यक्त की कि ये युवा खिलाड़ी भविष्य में राज्य और जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर भी रोशन करेंगे।

Manoharpur : मनोहरपुर स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग तेज, डीआरएम को सौंपा गया ज्ञापन

नागरिक सुविधा समिति ने यात्रियों की समस्याओं को उठाया, समयबद्ध रेल परिचालन की भी की मांग समय पर ट्रेन संचालन

  • नागरिक सुविधा समिति ने यात्रियों की समस्याओं को उठाया, समयबद्ध रेल परिचालन की भी की मांग
  • समय पर ट्रेन संचालन की मांग को लेकर रेलवे प्रशासन से हस्तक्षेप की अपील

जेबी लाइव, रिपोर्टर

मनोहरपुर : मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की समस्याओं के समाधान को लेकर नागरिक सुविधा समिति मनोहरपुर एवं क्षेत्र के ग्रामीणों ने दक्षिण पूर्व रेलवे, चक्रधरपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को ज्ञापन सौंपा। सुशील बारला के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में स्टेशन पर अतिरिक्त एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव और ट्रेनों के समयबद्ध परिचालन की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि मनोहरपुर रेलवे स्टेशन लोहांचल क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण स्टेशन है, जहां से चिरिया, गुवा, किरीबुरू, जामदा तथा ओडिशा के बड़बिल क्षेत्र के हजारों यात्री प्रतिदिन रांची, जमशेदपुर, कोलकाता, दिल्ली, पुरी सहित देश के विभिन्न शहरों की यात्रा करते हैं। सरकारी कार्य, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और न्यायालय संबंधी जरूरतों के लिए भी बड़ी संख्या में लोग इसी स्टेशन पर निर्भर हैं। इसके बावजूद कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का यहां ठहराव नहीं होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इसे भी पढ़ें : Chakradharpur : आरपीएस कॉलेज में युवा संवाद सह सम्मान समारोह, सीआरपीएफ कमांडेंट आनंद जेराई को दी गई भावभीनी विदाई

क्षेत्र के प्रमुख स्टेशन पर सुविधाएं बढ़ाने की मांग

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि मनोहरपुर आयरन ओर साइडिंग के माध्यम से रेलवे को हर वर्ष करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त होता है, लेकिन इसके अनुरूप यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। समिति ने टाटा-यशवंतपुर एक्सप्रेस (18111/18112), हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस (12833/12834), टाटा-एर्नाकुलम एक्सप्रेस (18189/18190) तथा हावड़ा-पुणे आजाद हिंद एक्सप्रेस (12129/12130) का मनोहरपुर स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अलावा जगदलपुर एक्सप्रेस (18108) को राउरकेला से टाटानगर तक विस्तारित कर मनोहरपुर, गोइलकेरा, सोनुआ और चक्रधरपुर स्टेशनों पर ठहराव देने की भी मांग रखी गई। समिति का कहना है कि इन ट्रेनों के ठहराव से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और यात्रा सुविधाएं बेहतर होंगी।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : 15 साल बाद कुंवर सिंह मैदान रोड नंबर-3 के घरों में पहुंचा नल का पानी, लोगों में खुशी की लहर

कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की उठी मांग

समिति ने ट्रेनों के विलंबित परिचालन पर भी चिंता जताई। ज्ञापन में राउरकेला-टाटानगर पैसेंजर, चक्रधरपुर-राउरकेला पैसेंजर, पुरी-हरिद्वार उत्कल एक्सप्रेस, आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस, हावड़ा-जूनागढ़ इस्पात एक्सप्रेस तथा हावड़ा-कांताबांजी इस्पात एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों को निर्धारित समय पर चलाने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि ट्रेनों के लगातार विलंब से यात्रियों को आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए शीघ्र कार्रवाई करने और इसकी जानकारी समिति को उपलब्ध कराने का आग्रह किया। डीआरएम को ज्ञापन सौंपने वालों में सुशील बारला, सेवानिवृत्त शिक्षक अश्विनी बाधेल, निसार अहमद, सीमा मुंडारी, बलदेव जाते और मनोज नायक शामिल थे।

Chakradharpur : आरपीएस कॉलेज में युवा संवाद सह सम्मान समारोह, सीआरपीएफ कमांडेंट आनंद जेराई को दी गई भावभीनी विदाई

युवाओं को करियर, अनुशासन और संघर्ष का संदेश, संस्था ने आनंद जेराई के योगदान को सराहा आनंद जेराई के योगदान

  • युवाओं को करियर, अनुशासन और संघर्ष का संदेश, संस्था ने आनंद जेराई के योगदान को सराहा
  • आनंद जेराई के योगदान को याद कर दी गई सम्मानजनक विदाई

जेबी लाइव, रिपोर्टर

चक्रधरपुर : चक्रधरपुर स्थित आरपीएस कॉलेज परिसर में कोल्हान नितिर तुरतुंग (केएनटी) के तत्वावधान में एक दिवसीय युवा संवाद सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के संरक्षक माझीराम जामुदा ने की। समारोह का मुख्य उद्देश्य युवाओं को शिक्षा, करियर और व्यक्तित्व विकास के प्रति जागरूक करना तथा सीआरपीएफ कमांडेंट आनंद जेराई के दिल्ली स्थानांतरण के अवसर पर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई देना था। कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं ने युवाओं को जीवन में अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के महत्व से अवगत कराया। शारीरिक प्रशिक्षक दया सागर केराई ने युवाओं को शारीरिक प्रशिक्षण की आवश्यकता बताते हुए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने जाति प्रमाण पत्र और आवासीय प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया की भी विस्तृत जानकारी दी, ताकि युवाओं को सरकारी योजनाओं और अवसरों का लाभ मिल सके।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : 15 साल बाद कुंवर सिंह मैदान रोड नंबर-3 के घरों में पहुंचा नल का पानी, लोगों में खुशी की लहर

युवा संवाद कार्यक्रम में करियर और व्यक्तित्व विकास पर चर्चा

कार्यक्रम में आरपीएस कॉलेज के पूर्व प्राचार्य शिव पूजन साय ने इतिहास के प्रेरणादायक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को संघर्षशील बनने और कठिन परिस्थितियों में भी हार न मानने की सीख दी। संस्था के संरक्षक ज्ञान सिंह दोराईबुरु ने कोल्हान नितिर तुरतुंग की स्थापना से लेकर उसके विकास तक की यात्रा का उल्लेख करते हुए संस्था के विस्तार में आनंद जेराई के योगदान को महत्वपूर्ण बताया। वहीं रबिन्द्र गिलुवा ने संवाद फेलोशिप कार्यक्रम की जानकारी देकर विद्यार्थियों को इसके लाभों से अवगत कराया। संस्था के कोषाध्यक्ष जय सिंह कुंटिया ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में समय प्रबंधन की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन की सलाह दी। कुचाई संयोजक राम चंद्र सोय ने अपनी पुस्तक का परिचय देते हुए युवाओं को लक्ष्य प्राप्ति तक लगातार प्रयासरत रहने का संदेश दिया।

इसे भी पढ़ें : Jadugoda : जादूगोड़ा साप्ताहिक हाट के सौंदर्यीकरण की उठी मांग, टिक्की मुखी ने यूसील प्रबंधन को सौंपा आवेदन

वक्ताओं ने युवाओं को सफलता के लिए दिया प्रेरक मार्गदर्शन

समारोह के दौरान सीआरपीएफ कमांडेंट आनंद जेराई को उनके दिल्ली स्थानांतरण पर सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी गई। वक्ताओं ने कहा कि चक्रधरपुर में कोल्हान नितिर तुरतुंग की शाखा को मजबूत बनाने में उनकी अहम भूमिका रही है। उन्होंने युवाओं को फिजिकल ट्रेनिंग, क्लासरूम संचालन, फिजिकल एवं मेडिकल टेस्ट की तैयारी तथा करियर काउंसलिंग के माध्यम से लगातार मार्गदर्शन दिया। रांची में पदस्थापना के दौरान भी उनका सहयोग संस्था को मिलता रहा। अपने संबोधन में आनंद जेराई ने अपने संघर्षपूर्ण जीवन के अनुभव साझा करते हुए युवाओं को शारीरिक रूप से फिट रहने, अनुशासित जीवन जीने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के सफल आयोजन में संयुक्त सचिव हेमंत सामड और राम बोदरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Jamshedpur : 15 साल बाद कुंवर सिंह मैदान रोड नंबर-3 के घरों में पहुंचा नल का पानी, लोगों में खुशी की लहर

पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता के लगातार प्रयासों से दूर हुई पेयजल संकट की समस्या स्थानीय लोगों ने सुनील गुप्ता

  • पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता के लगातार प्रयासों से दूर हुई पेयजल संकट की समस्या
  • स्थानीय लोगों ने सुनील गुप्ता के प्रयासों की सराहना की

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी जलापूर्ति योजना क्षेत्र अंतर्गत कुंवर सिंह मैदान रोड नंबर-3 के लगभग 50 घरों में करीब 15 वर्षों बाद नियमित नल जलापूर्ति शुरू हो गई है। लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहे स्थानीय लोगों के लिए यह बड़ी राहत साबित हुई है। जलापूर्ति बहाल होने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल देखने को मिला। वर्षों से पानी की समस्या के कारण लोगों को वैकल्पिक स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब नियमित जलापूर्ति शुरू होने से स्थानीय निवासियों को राहत मिली है और उनकी दैनिक जरूरतें आसानी से पूरी हो सकेंगी।

इसे भी पढ़ें : Jadugoda : जादूगोड़ा साप्ताहिक हाट के सौंदर्यीकरण की उठी मांग, टिक्की मुखी ने यूसील प्रबंधन को सौंपा आवेदन

15 वर्षों बाद पेयजल संकट से मिली राहत

पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने बताया कि जिला खनिज प्रतिष्ठान न्यास (डीएमएफटी) मद से लगभग चार लाख रुपये की लागत से पाइपलाइन इंटर कनेक्शन निर्माण कार्य पूरा किया गया। इसके बाद जलापूर्ति व्यवस्था को बहाल करना संभव हो सका। उन्होंने बताया कि सुबह बेला की जलापूर्ति शुरू होते ही सभी घरों में पर्याप्त दबाव के साथ पानी पहुंचा। पानी आने की सूचना मिलते ही लोगों ने अपने घरों में बाल्टी, ड्रम और अन्य बर्तनों में पानी संग्रह किया। कई परिवारों ने इसे वर्षों की प्रतीक्षा के बाद मिली बड़ी उपलब्धि बताया। स्थानीय लोगों ने कहा कि लंबे समय बाद घरों तक पानी पहुंचने से उनकी सबसे बड़ी समस्या का समाधान हुआ है।

इसे भी पढ़ें : Chaibasa : स्पॉन्सरशिप योजना के 128 नए बच्चों का जल्द होगा सत्यापन, पात्र लाभुकों को समय पर मिलेगी सहायता

डीएमएफटी मद से पाइपलाइन इंटर कनेक्शन कार्य हुआ पूरा

सुनील गुप्ता ने बताया कि इस कार्य को पूरा कराने के लिए वे पिछले कई वर्षों से लगातार प्रयास कर रहे थे। उन्होंने पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार, जिला प्रशासन और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों से कई बार मुलाकात कर समस्या के समाधान की मांग उठाई थी। पंचायत समिति की मासिक बैठकों में भी इस मुद्दे को लगातार प्रमुखता से रखा गया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्य के पूरा होने से क्षेत्रवासियों को वर्षों पुरानी समस्या से मुक्ति मिली है। स्थानीय निवासियों ने जलापूर्ति बहाल होने पर सुनील गुप्ता के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने केवल आश्वासन नहीं दिया, बल्कि लगातार प्रयास कर समस्या का स्थायी समाधान भी कराया।

Jadugoda : जादूगोड़ा साप्ताहिक हाट के सौंदर्यीकरण की उठी मांग, टिक्की मुखी ने यूसील प्रबंधन को सौंपा आवेदन

चबूतरा निर्माण, जल निकासी और मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए सीएसआर मद से कार्य कराने की मांग बरसात में

  • चबूतरा निर्माण, जल निकासी और मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए सीएसआर मद से कार्य कराने की मांग
  • बरसात में जलभराव और कीचड़ से परेशान हैं दुकानदार व ग्राहक

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जादूगोड़ा : जादूगोड़ा कॉलोनी स्थित साप्ताहिक हाट की बदहाल स्थिति को लेकर मुखी समाज विकास समिति, झारखंड के कार्यकारिणी अध्यक्ष सुखोमुखी उर्फ टिक्की मुखी ने यूसील प्रबंधन का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने यूसील के उपमहाप्रबंधक (कार्मिक) एवं डीजीएम राकेश कुमार को आवेदन सौंपकर कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) मद से हाट परिसर में चबूतरा निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य कराने की मांग की है। अपने आवेदन में उन्होंने कहा कि जादूगोड़ा कॉलोनी का साप्ताहिक हाट क्षेत्र का प्रमुख बाजार है, जहां प्रत्येक सप्ताह यूसीआईएल के कर्मचारी, ठेका मजदूर, उनके परिवारों के सदस्य तथा आसपास के गांवों से हजारों लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि यूसीआईएल के अधिकांश कर्मचारी अपनी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए इसी बाजार पर निर्भर रहते हैं, लेकिन बुनियादी सुविधाओं के अभाव में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : करनडीह-परसुडीह मुख्य सड़क पर दूषित पानी का संकट, झामुमो ने प्रशासन से की स्थायी समाधान की मांग

क्षेत्र के प्रमुख बाजार की सुविधाओं में सुधार की मांग

टिक्की मुखी ने आवेदन में उल्लेख किया है कि वर्तमान में हाट परिसर में पक्के चबूतरे, बैठने की समुचित व्यवस्था और आकर्षक वातावरण का अभाव है। विशेष रूप से बरसात के मौसम में कीचड़ और जलभराव के कारण दुकानदारों तथा ग्राहकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि बाजार परिसर में इंटरलॉकिंग पथ, बेहतर जल निकासी व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पौधारोपण, कूड़ेदान की स्थापना और नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि इन सुविधाओं के विकसित होने से बाजार अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनेगा तथा स्थानीय लोगों को बेहतर वातावरण मिलेगा। उन्होंने यूसील प्रबंधन से कर्मचारियों, मजदूरों, दुकानदारों और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस जनहितकारी कार्य को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति देकर शीघ्र पूरा कराने का आग्रह किया है। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि यूसील प्रबंधन इस दिशा में सकारात्मक पहल करते हुए आवश्यक कदम उठाएगा।

You cannot copy content of this page

Scroll to Top