जगन्नाथपुर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक सोनाराम सिंकु ने किया वितरण
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जगन्नाथपुर : राजकीय रस्सेल +2 उच्च विद्यालय, जगन्नाथपुर में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘उन्नति का पहिया’ योजना के तहत शुक्रवार को साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह उप मुख्य सचेतक (सत्तारूढ़ दल) सोनाराम सिंकु ने कुल 10 विद्यालयों के 557 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अम्बिका कुमारी एवं अंचल अधिकारी मनोज कुमार मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने लाभुक विद्यार्थियों को साइकिल की चाबी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साइकिल प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने सरकार की इस पहल के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : नेत्र उत्सव के साथ नवयौवन रूप में भक्तों को दर्शन दिए महाप्रभु, आज निकलेगी भव्य रथ यात्रा
ग्रामीण विद्यार्थियों की शिक्षा को मिलेगी नई गति : सोनाराम सिंकु
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के प्रसार और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से दूर-दराज के गांवों से विद्यालय आने वाले छात्र-छात्राओं का समय बचेगा, उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ेगी तथा पढ़ाई के प्रति उत्साह में वृद्धि होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से साइकिल का सुरक्षित उपयोग करने और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर अपने परिवार, विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने की अपील की। कार्यक्रम में कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष ललित कुमार दोराईबुरू, प्रखंड प्रमुख बुधराम पूर्ति, आफताब आलम, सोमनाथ सिंकु, रंजन गोप, हरीश पान, सरफराज आलम, बबलू गोप, निलेश सिंकु, संतोष नाग मुंडा, रोशन पान, रंजीत गगराई, पप्पू अहमद, शमशाद आलम सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक रहा।























