टाटानगर में यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चांद मोहम्मद ने उठाया मुद्दा, रेल प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग
ट्रैक मेंटेनरों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को बताई अपनी समस्याएं
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर स्थित टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चांद मोहम्मद का ट्रैक मेंटेनरों ने बुके देकर स्वागत और सम्मान किया। इस दौरान कर्मचारियों ने उन्हें अपनी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। चांद मोहम्मद ने कहा कि चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत कार्यरत बड़ी संख्या में ट्रैक मेंटेनरों को अब तक मकान किराया भत्ता (एचआरए) का लाभ नहीं मिल रहा है, जिससे उन्हें हर महीने आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि यूनियन की ओर से इस मुद्दे को लेकर कई बार रेल प्रशासन को लिखित शिकायत दी गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में रेलवे आवास उपलब्ध नहीं हैं, वहां कार्यरत कर्मचारियों को नियमानुसार मकान किराया भत्ता दिया जाना चाहिए।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : छह माह से बंद सोलर जल मीनार, पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीण
रेलवे आवासों में मूलभूत सुविधाओं की भी कमी
चांद मोहम्मद ने कहा कि जिन स्थानों पर रेलवे क्वार्टर उपलब्ध हैं, वहां भी कर्मचारियों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। कई आवास जर्जर अवस्था में हैं और वहां शुद्ध पेयजल, बिजली तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने बताया कि चंपाझरन, पतासाही, गगनपोश और बंदूकडेरा सेक्शन में कर्मचारियों के लिए न तो रहने योग्य रेलवे आवास हैं और न ही मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे ट्रैक मेंटेनरों और उनके परिवारों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यूनियन ने रेल प्रशासन से मांग की है कि जिन स्थानों पर आवास उपलब्ध नहीं हैं अथवा रहने योग्य नहीं हैं, वहां कार्यरत ट्रैक मेंटेनरों को जल्द से जल्द मकान किराया भत्ता प्रदान किया जाए और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।



























