Share

Jamshedpur : बिष्टुपुर गुरुद्वारा में सजा भव्य कीर्तन दरबार, श्रद्धापूर्वक मनाई गई पहाड़ी वाले बाबा दयाल सिंह जी की सालाना याद

  • शबद कीर्तन से संगत हुई निहाल, बाबा दयाल सिंह जी के जीवन पर डाला गया प्रकाश

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : बिष्टुपुर गुरुद्वारा में पहाड़ी वाले बाबा दयाल सिंह जी की सालाना याद में श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य धार्मिक समागम का आयोजन किया गया। हर वर्ष की तरह आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगत ने भाग लेकर बाबा जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। समागम के दौरान अमृतसर से पधारे भाई साहब भाई ओंकार सिंह ने गुरबाणी के मधुर शबदों का गायन कर संगत को आध्यात्मिक रस से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चेयरमैन सरदार शैलेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में बाबा दयाल सिंह जी के जीवन, उनकी सेवाओं और समाज के प्रति उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने सेंट्रल कमेटी कार्यालय में संचालित श्री गुरु रामदास भलाई केंद्र की नि:शुल्क ओपीडी सेवा की जानकारी देते हुए संगत से इसका लाभ उठाने की अपील भी की।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जुगसलाई में डेंगू-मलेरिया के खतरे को लेकर पार्षदों की पहल, एंटी लारवा छिड़काव की उठी मांग

धार्मिक एवं सामाजिक सेवाओं से जुड़े कई पदाधिकारी हुए सम्मानित, अटूट लंगर का हुआ वितरण

समागम के दौरान बिष्टुपुर गुरुद्वारा कमेटी की ओर से समाज और पंथ की सेवा में योगदान देने वाले कई पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भगवान सिंह, चेयरमैन सरदार शैलेंद्र सिंह, संरक्षक सुरेंद्र पाल सिंह टीटू, वरीय उपाध्यक्ष सुखविंदर सिंह राजू, महासचिव गुरचरण सिंह बिल्ला, सलाहकार सुरेंद्र सिंह शिंदे, सेंट्रल नौजवान सभा के प्रधान अमरीक सिंह तथा सेंट्रल सिख स्त्री सत्संग सभा की पदाधिकारी शामिल रहीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधान प्रकाश सिंह, ट्रस्टी गोपाल सिंह, जसपाल सिंह उवी, हरदयाल सिंह, हरपाल सिंह, त्रिलोचन सिंह, गुरबचन सिंह सहित अनेक सेवादारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। धार्मिक समागम के समापन के बाद गुरु के अटूट लंगर का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

Leave a Comment

Jamshedpur : जुगसलाई में तीन दिवसीय राखी मेले का शुभारंभ, महिलाओं के हुनर और स्वावलंबन को मिला मंच

राजस्थानी ब्राह्मण महिला संघ की पहल, आकर्षक राखियां और हस्तनिर्मित उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र जेबी लाइव, रिपोर्टर जमशेदपुर :

  • राजस्थानी ब्राह्मण महिला संघ की पहल, आकर्षक राखियां और हस्तनिर्मित उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : जुगसलाई स्थित ऋषि भवन में श्री राजस्थानी ब्राह्मण महिला संघ द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राखी मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर आयोजित इस मेले का उद्देश्य महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना तथा उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहित करना है। मेले का उद्घाटन श्री राजस्थानी ब्राह्मण संघ के अध्यक्ष बोदुराम सेवदा, संरक्षक महावीर प्रसाद चौबे, जनार्दन प्रसाद शर्मा, महासचिव कौशल किशोर जोशी, प्रकाश जोशी, काशी प्रसाद चौबे, दिलीप शर्मा और मनोज शर्मा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर समाज के कई गणमान्य सदस्य और महिला संघ की सदस्याएं उपस्थित रहीं। उद्घाटन समारोह के दौरान आयोजन की सराहना करते हुए महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई गई।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बिष्टुपुर गुरुद्वारा में सजा भव्य कीर्तन दरबार, श्रद्धापूर्वक मनाई गई पहाड़ी वाले बाबा दयाल सिंह जी की सालाना याद

महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने का प्रयास, बड़ी संख्या में पहुंच रहे लोग

राखी मेले में विभिन्न प्रकार की आकर्षक राखियों के साथ घरेलू और हस्तनिर्मित उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं, जो आगंतुकों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। मेले में महिलाएं अपने द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री कर रही हैं, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है। आयोजन को सफल बनाने में निशा शर्मा, उषा शर्मा, प्रीति सेवदा, प्रीति शर्मा, सोनिका शर्मा, मीनू शर्मा, नुपुर शर्मा और रितु शर्मा सहित महिला संघ की कई सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम की जानकारी मीडिया प्रभारी गोविन्द भारद्वाज ने दी। मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर खरीदारी कर रहे हैं और महिलाओं के प्रयासों की सराहना कर रहे हैं।

Jamshedpur : जुगसलाई में डेंगू-मलेरिया के खतरे को लेकर पार्षदों की पहल, एंटी लारवा छिड़काव की उठी मांग

सिविल सर्जन से मिले पार्षद, घनी आबादी वाले क्षेत्रों में तत्काल कार्रवाई की अपील जेबी लाइव, रिपोर्टर जमशेदपुर : जुगसलाई

  • सिविल सर्जन से मिले पार्षद, घनी आबादी वाले क्षेत्रों में तत्काल कार्रवाई की अपील

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में मलेरिया और डेंगू के बढ़ते खतरे को देखते हुए पार्षद अनिल मोदी एवं सत्यनारायण अग्रवाल ने शुक्रवार को जिले के सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल से मुलाकात की। दोनों पार्षदों ने जुगसलाई के विभिन्न वार्डों में तत्काल एंटी लारवा का छिड़काव कराने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि जुगसलाई अत्यंत घनी आबादी वाला क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में लोग निवास करते हैं। वर्तमान में नगर परिषद की ओर से एंटी लारवा छिड़काव नहीं कराया जा रहा है, जिसके कारण मच्छरों की संख्या बढ़ने और मलेरिया व डेंगू जैसी बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। पार्षदों ने जनस्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए पूरे क्षेत्र में शीघ्र छिड़काव अभियान शुरू करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

इसे भी पढ़ें : Ghatsila/Musabani : एचसीएल/आईसीसी के ईडी से मिला झारखंडी भाषा भाषी मूलनिवासी संघ, बंद खदानों के संचालन और रोजगार की उठाई मांग

स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति को गंभीरता से लिया, सहयोग का दिया आश्वासन

पार्षदों की मांग पर सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने मामले को गंभीरता से सुना और आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि सामान्य परिस्थितियों में स्वास्थ्य विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में एंटी लारवा छिड़काव का कार्य कराता है, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह जिम्मेदारी संबंधित नगर निकाय की होती है। बावजूद इसके, जुगसलाई की घनी आबादी और संभावित स्वास्थ्य जोखिम को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग आवश्यक सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय आवश्यक है, ताकि समय रहते प्रभावी कदम उठाए जा सकें और लोगों को सुरक्षित रखा जा सके।

इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा बरायबुरु में धूमधाम से मनाया गया 77वां वन महोत्सव, पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश

1 अगस्त से शुरू होगा अभियान, पार्षदों ने जताया आभार

मुलाकात के दौरान सिविल सर्जन ने तत्काल टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व जुस्को) के अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर जुगसलाई के संवेदनशील क्षेत्रों में एंटी लारवा छिड़काव कराने का अनुरोध किया। इस पर यूआईएसएल अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि 1 अगस्त से चिन्हित क्षेत्रों में एंटी लारवा छिड़काव अभियान शुरू कर दिया जाएगा। इस निर्णय पर पार्षद सत्यनारायण अग्रवाल और अनिल मोदी ने स्वास्थ्य विभाग एवं टाटा स्टील यूआईएसएल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि संयुक्त प्रयासों से जुगसलाई में डेंगू और मलेरिया की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे तथा क्षेत्रवासियों को मच्छरजनित बीमारियों से सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।

Ghatsila/Musabani : एचसीएल/आईसीसी के ईडी से मिला झारखंडी भाषा भाषी मूलनिवासी संघ, बंद खदानों के संचालन और रोजगार की उठाई मांग

ताम्र नगरी क्षेत्र के विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर हुई विस्तृत चर्चा जेबी लाइव, रिपोर्टर घाटशिला/मुसाबनी : घाटशिला और

  • ताम्र नगरी क्षेत्र के विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

जेबी लाइव, रिपोर्टर

घाटशिला/मुसाबनी : घाटशिला और मुसाबनी क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर झारखंडी भाषा भाषी मूलनिवासी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को एचसीएल/आईसीसी के कार्यकारी निदेशक उमेश कुमार सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की बंद पड़ी तांबा खदानों को पुनः संचालित करने, स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की मांग रखी। संघ के प्रतिनिधियों ने किशनगढ़िया, पाथरगोड़ा, सूरदा, केन्दाडीह, राखा माइंस सहित ग्रुप ऑफ माइन्स की वर्तमान स्थिति पर चर्चा करते हुए उत्पादन बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया। बैठक के दौरान संघ के सलाहकार सिकन्दर साह ने उमेश कुमार सिंह को कार्यकारी निदेशक का पदभार संभालने पर बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।

इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा बरायबुरु में धूमधाम से मनाया गया 77वां वन महोत्सव, पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश

माइंस स्कूल और अस्पताल सुविधाओं को मजबूत करने की मांग

संघ के केंद्रीय अध्यक्ष संजय बेहरा ने कहा कि बंद पड़ी खदानों के दोबारा शुरू होने से पूरे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने मांग की कि माइंस स्कूलों को पुनः संचालित किया जाए ताकि क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। इसके अलावा ग्रुप ऑफ माइन्स से प्रभावित और विस्थापित परिवारों को मौभंडार स्थित एचसीएल/आईसीसी अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कंपनी के कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) फंड का लाभ स्थानीय झारखंडी समुदाय तक प्रभावी रूप से पहुंचना चाहिए। साथ ही तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों में स्थानीय युवक-युवतियों को प्रशिक्षण देकर रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग भी रखी गई।

इसे भी पढ़ें : Jadugoda : पुस्तैनी जमीन बचाने की गुहार लेकर विधायक के पास पहुंची आदिवासी महिला, भू-माफियाओं पर लगाया कब्जे की कोशिश का आरोप

नई उम्मीदों के साथ सकारात्मक चर्चा पर जताया संतोष

संघ के जिला अध्यक्ष आनन्द हेम्ब्रम ने कहा कि उमेश कुमार सिंह के कार्यकारी निदेशक बनने से पूरे ताम्र नगरी क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद जगी है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बंद पड़ी खदानों के संचालन की दिशा में ठोस पहल होगी, जिससे स्थानीय शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलेगा और क्षेत्र में आर्थिक समृद्धि लौटेगी। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ईडी के साथ हुई बातचीत सकारात्मक और सार्थक रही तथा विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद प्रतिनिधियों ने संतोष व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय अध्यक्ष संजय बेहरा, सलाहकार सिकन्दर साह, केंद्रीय महासचिव मुकेश कर्मकार, जिला अध्यक्ष आनन्द हेम्ब्रम सहित संघ के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Gua : गुवा बरायबुरु में धूमधाम से मनाया गया 77वां वन महोत्सव, पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश

विधायक सोनाराम सिंकु ने वनों की सुरक्षा को बताया भविष्य की आवश्यकता जेबी लाइव, रिपोर्टर गुवा : गुवा सारंडा वन

  • विधायक सोनाराम सिंकु ने वनों की सुरक्षा को बताया भविष्य की आवश्यकता

जेबी लाइव, रिपोर्टर

गुवा : गुवा सारंडा वन प्रमंडल चाईबासा के अंतर्गत गुवा वन प्रक्षेत्र द्वारा बरायबुरु स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में 77वें वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु उपस्थित रहे। उनके साथ जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी, प्रखंड प्रमुख पूनम गिलुवा तथा सारंडा वन प्रमंडल पदाधिकारी अभिरुप सिंहा सहित वन विभाग के कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद गुवा डीएवी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिला समूहों की सदस्य, मुंडा-मानकी प्रतिनिधि तथा स्कूली बच्चे शामिल हुए। वन महोत्सव के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

इसे भी पढ़ें : Jadugoda : पुस्तैनी जमीन बचाने की गुहार लेकर विधायक के पास पहुंची आदिवासी महिला, भू-माफियाओं पर लगाया कब्जे की कोशिश का आरोप

ग्रामीणों से कम से कम एक पौधा लगाने की अपील

अपने संबोधन में विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि वनों की अंधाधुंध कटाई पर्यावरण और मानव जीवन दोनों के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि वन केवल प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ग्रामीणों की आजीविका का भी प्रमुख आधार हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने नाम, बच्चों या परिवार के किसी सदस्य के नाम पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल भी करें। विधायक ने महुआ, आम, इमली और जामुन जैसे उपयोगी पौधों के रोपण को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि इन पौधों से ग्रामीणों को भविष्य में आर्थिक लाभ भी प्राप्त होगा। साथ ही लाह की खेती को आय का बेहतर स्रोत बताते हुए इसे अपनाने का सुझाव दिया। उन्होंने जंगलों में आग नहीं लगाने और वन संपदा की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मेरा युवा भारत और गीता थियेटर की नई साझेदारी, युवाओं ने लिया विकसित और नशामुक्त भारत बनाने का संकल्प

महिलाओं को मिला प्रोत्साहन, पौधारोपण कर दिया संरक्षण का संदेश

वन महोत्सव के अवसर पर वन विभाग द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीन, उन्नत चूल्हे, टॉर्च, ड्रम और जाली सहित विभिन्न उपयोगी सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। महिला समूहों की सदस्यों ने अतिथियों को सोहराय पेंटिंग, पौधे और गुलदस्ते भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन छोटेलाल मिश्रा ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन रिजर्व फॉरेस्ट ऑफिसर परमानंद रजक ने किया। इस अवसर पर गुवा सेल, टाटा स्टील, किरीबुरू थाना, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मुखिया, मुंडा-मानकी, महिला समूहों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। पूरे कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।

Jadugoda : पुस्तैनी जमीन बचाने की गुहार लेकर विधायक के पास पहुंची आदिवासी महिला, भू-माफियाओं पर लगाया कब्जे की कोशिश का आरोप

जादूगोड़ा की सोन मुनि भूमिज ने विधायक संजीव सरदार से मांगी मदद जेबी लाइव, रिपोर्टर जादूगोड़ा : जादूगोड़ा के मुसाबनी

  • जादूगोड़ा की सोन मुनि भूमिज ने विधायक संजीव सरदार से मांगी मदद

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जादूगोड़ा : जादूगोड़ा के मुसाबनी प्रखंड अंतर्गत फॉरेस्ट पंचायत क्षेत्र की रहने वाली आदिवासी महिला सोन मुनि भूमिज ने अपनी पुस्तैनी जमीन को कथित भू-माफियाओं से बचाने के लिए पोटका विधायक संजीव सरदार से मदद की गुहार लगाई है। शुक्रवार को वह विधायक के तुरामडीह स्थित आवासीय कार्यालय पहुंचीं और अपनी समस्या से उन्हें अवगत कराया। सोन मुनि भूमिज का आरोप है कि कुछ लोगों की नजर उनकी पैतृक जमीन पर है और उसे कब्जाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने विधायक को बताया कि जब वह अपनी जमीन पर निर्माण कार्य कराने का प्रयास करती हैं तो उन्हें रोका जाता है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि बागबेड़ा थाना पुलिस द्वारा उन्हें अपनी ही जमीन पर काम नहीं करने दिया जा रहा है तथा जेल भेजने की धमकी भी दी जा रही है। इस पूरे मामले को लेकर उन्होंने प्रशासनिक हस्तक्षेप और न्याय की मांग की है।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मेरा युवा भारत और गीता थियेटर की नई साझेदारी, युवाओं ने लिया विकसित और नशामुक्त भारत बनाने का संकल्प

घाघीडीह स्थित जमीन पर दस्तावेजों के साथ किया प्रदर्शन

विधायक से मुलाकात के बाद भी समाधान नहीं निकलने पर सोन मुनि भूमिज ने घाघीडीह स्थित अपनी जमीन पर पहुंचकर दस्तावेजों के साथ प्रदर्शन किया। उन्होंने दावा किया कि पूर्वी सिंहभूम जिले के घाघीडीह मौजा, बागबेड़ा थाना क्षेत्र में स्थित खाता संख्या 2 के प्लॉट संख्या 4992 तथा खाता संख्या 13 के प्लॉट संख्या 4993 की कुल लगभग 29.52 डिसमिल जमीन उनके पूर्वजों की खातियानी और रैयती जमीन है। उनका कहना है कि इस भूमि पर उनका वैधानिक अधिकार है, लेकिन कथित भू-माफियाओं द्वारा विवाद उत्पन्न कर निर्माण कार्य में बाधा पहुंचाई जा रही है। महिला ने कहा कि उन्होंने अपनी जमीन से जुड़े सभी आवश्यक कागजात प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए हैं, फिर भी उन्हें राहत नहीं मिल सकी है। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने अपनी जमीन की सुरक्षा और कानूनी अधिकार बहाल करने की मांग दोहराई।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मानगो नगर निगम की निविदा रद्द करने की कार्रवाई पर सरयू राय का सवाल, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

मुख्यमंत्री से जांच और न्याय की मांग, आदिवासी संगठनों की भूमिका पर नजर

सोन मुनि भूमिज ने कहा कि उन्होंने जिले के पुलिस अधीक्षक समेत कई प्रशासनिक अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है। ऐसे में उनकी अंतिम उम्मीद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष प्रशासनिक जांच कराने तथा उनकी पुस्तैनी जमीन पर उनका अधिकार सुनिश्चित करने की मांग की है। महिला का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आदिवासी समुदाय की रैयती जमीनों पर भू-माफियाओं का खतरा और बढ़ सकता है। इस मामले ने स्थानीय स्तर पर भी चर्चा को जन्म दिया है और अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशासन, जनप्रतिनिधि और विभिन्न आदिवासी संगठन इस मुद्दे पर क्या कदम उठाते हैं। फिलहाल पीड़ित महिला अपनी जमीन की सुरक्षा और न्याय की उम्मीद में संघर्ष जारी रखे हुए हैं।

Jamshedpur : मेरा युवा भारत और गीता थियेटर की नई साझेदारी, युवाओं ने लिया विकसित और नशामुक्त भारत बनाने का संकल्प

एमवाई भारत पोर्टल से जुड़ा गीता थियेटर, युवा नाट्य क्लब का हुआ गठन जेबी लाइव, रिपोर्टर जमशेदपुर : जमशेदपुर के

  • एमवाई भारत पोर्टल से जुड़ा गीता थियेटर, युवा नाट्य क्लब का हुआ गठन

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : जमशेदपुर के बाराद्वारी स्थित गीता थियेटर प्रेक्षागृह में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के युवा मामले विभाग द्वारा स्थापित संगठन ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) और शहर की प्रतिष्ठित सांस्कृतिक संस्था गीता थियेटर के बीच नई साझेदारी की औपचारिक शुरुआत हुई। इस अवसर पर ‘मेरा युवा भारत’ के जिला युवा अधिकारी मोन्टू पतर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने युवा कलाकारों को संगठन के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘मेरा युवा भारत’ पोर्टल की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 31 अक्टूबर 2023 को देश के युवाओं को विकास और राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से की गई थी। बैठक में उपस्थित कलाकारों ने इस पहल को युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बताया और इससे जुड़कर समाज के लिए सकारात्मक योगदान देने की प्रतिबद्धता जताई।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मानगो नगर निगम की निविदा रद्द करने की कार्रवाई पर सरयू राय का सवाल, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

गीता थियेटर युवा नाट्य क्लब की स्थापना, कलाकारों को मिली जिम्मेदारियां

बैठक के दौरान गीता थियेटर का पंजीकरण ‘मेरा युवा भारत’ के आधिकारिक पोर्टल पर किया गया। इसके साथ ही ‘गीता थियेटर युवा नाट्य क्लब’ की स्थापना की गई, जिसका उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास करना और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देना है। क्लब के संचालन के लिए कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। अन्नत सरदार को युवा अध्यक्ष, खुशी पांडेय को युवा उपाध्यक्ष, तम्मना राव को युवा सचिव तथा पीयूष ठाकुर को युवा कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा आयुष चौरसिया, अमित सिंह, गंगा मंडल, ममता सिंह, सुरज पूर्ती, देवूसिंह सरदार, गीता हाथी, आकाश साव, संदीप मंडल, आकाश सरदार, जूही कौर और मोहम्मद शाहिद को युवा सदस्य बनाया गया। पदाधिकारियों ने संगठन को सक्रिय और प्रभावी बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : एनजीटी के आदेश से मानगो के 16 घरों पर संकट, सरयू राय ने प्रशासन और जल संसाधन विभाग से मांगा समाधान

थियेटर के माध्यम से सामाजिक जागरूकता फैलाने का लिया संकल्प

पोर्टल पर सदस्यता ग्रहण करने के बाद सभी युवा कलाकारों और नवगठित कार्यकारिणी के सदस्यों ने ‘नशामुक्त भारत’ और ‘विकसित भारत’ के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली। युवाओं ने कहा कि वे कला और रंगमंच को सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बनाते हुए समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य करेंगे। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय एकता जैसे विषयों पर लोगों को जागरूक करने का भी संकल्प लिया। इस अवसर पर गीता थियेटर के वरिष्ठ पदाधिकारी गीता कुमारी, प्रेम दीक्षित, धनसिंह और नरेंद्र कुमार भी मौजूद रहे। सभी वरिष्ठ सदस्यों ने युवाओं को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह साझेदारी युवाओं को नेतृत्व, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण के नए अवसर प्रदान करेगी। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Comment

You cannot copy content of this page

Scroll to Top