विश्व पर्यावरण दिवस पर क्वेस सेंटर में छात्रों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ कार्यक्रम का हुआ समापन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : कदमा स्थित रोड नंबर-19, फार्म एरिया में संचालित टाटा स्टील फाउंडेशन मल्टी स्किल डेवलपमेंट सेंटर में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर क्वेस (Quess) की ओर से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान प्रतिभागियों ने “दिन हो या रात, करो पर्यावरण की बात” का संदेश देते हुए लोगों को प्रकृति के प्रति जागरूक रहने की अपील की। छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरियाली बढ़ाने के महत्व पर अपने विचार साझा किए तथा अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उन्हें संरक्षित रखने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान परिसर में उत्साह और जागरूकता का माहौल देखने को मिला।
इसे भी पढ़ें : Patna : पटना कोचिंग फायरिंग मामला: खान सर पर एफआईआर दर्ज, जांच तेज, पुलिस जुटी कार्रवाई में
छात्रों ने हरियाली बढ़ाने और प्रकृति संरक्षण का दिया संदेश

कार्यक्रम का संचालन क्वेस के सेंटर मैनेजर अमन कुमार साह ने किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह प्रत्येक व्यक्ति की निरंतर जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्रों को प्रकृति के संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर बैंकिंग शिक्षक मनोज महतो, रिटेल ट्रेनर रवि कुमार, इंग्लिश ट्रेनर उषा कुमारी, आईटी ट्रेनर कृति श्रीवास्तव तथा कम्युनिटी मोबिलाइजर अंबुज कुमार सहित अन्य प्रशिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ।






















