डालसा के तत्वावधान में असंगठित मजदूरों को नशे के दुष्प्रभाव और कानूनी प्रावधानों की दी गई जानकारी
जिलेभर में चला नशामुक्ति जागरूकता अभियान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा) के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) जमशेदपुर द्वारा शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर मानगो चौक में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का आयोजन डालसा के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में किया गया। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित असंगठित मजदूरों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही लोगों को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : नेतृत्व, प्रौद्योगिकी और हरित विकास के संगम से झारखंड के विनिर्माण भविष्य की नई दिशा तय
नशे के खिलाफ जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार
कार्यक्रम में डालसा के पीएलवी नागेंद्र कुमार, दिलीप जायसवाल, संजय तिवारी एवं मनोज महतो ने मजदूरों को नशे की लत से होने वाले नुकसान के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है और परिवार व समाज में अनेक समस्याओं को जन्म देता है। नशे के कारण अपराध, घरेलू हिंसा, सड़क दुर्घटनाएं, आर्थिक संकट तथा युवाओं के भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। पीएलवी ने यह भी जानकारी दी कि मादक पदार्थों का अवैध उत्पादन, खरीद-बिक्री, परिवहन, भंडारण, सेवन और तस्करी कानूनन अपराध है, जिसके लिए कठोर कारावास और आर्थिक दंड का प्रावधान है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अवैध नशे के कारोबार की सूचना प्रशासन को देकर समाज हित में सहयोग करें।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : ऑपरेशन यात्री सुरक्षा में आरपीएफ-जीआरपी को सफलता, चोरी का मोबाइल बरामद, आरोपी गिरफ्तार
मादक पदार्थों की तस्करी पर कानून का सख्त शिकंजा
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान उपस्थित मजदूरों ने उत्साहपूर्वक नारे लगाकर नशामुक्त समाज बनाने का संदेश दिया। “नशा को ना कहो, जिंदगी को हां कहो”, “नशा मुक्त भारत–स्वस्थ भारत” और “नशा छोड़ें, भविष्य जोड़ें” जैसे नारों के साथ लोगों ने नशा नहीं करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वयं एवं अपने परिवार को नशे से दूर रखने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का प्रण लिया। डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी ने बताया कि इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी पीएलवी के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जा सके।
























