Share

Jamshedpur : भारतरत्न राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, आधुनिक भारत के निर्माण में योगदान को किया याद

  • तिलक पुस्तकालय स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नेताओं ने राजीव गांधी के विचारों और योगदान को किया स्मरण

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में भारतरत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय, तिलक पुस्तकालय में श्रद्धांजलि एवं स्मरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके राष्ट्र निर्माण, लोकतंत्र की मजबूती और आधुनिक भारत की परिकल्पना में दिए गए योगदान को याद किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : यातायात व्यवस्था और व्यवस्थित पार्किंग की मांग को लेकर भूख हड़ताल, आश्वासन के बाद टूटा अनशन

सूचना प्रौद्योगिकी और आधुनिक भारत के शिल्पकार थे राजीव गांधी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के महान शिल्पकार थे, जिन्होंने देश को 21वीं सदी की ओर अग्रसर करने के लिए कई ऐतिहासिक और दूरदर्शी निर्णय लिए। उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी और कंप्यूटर क्रांति को बढ़ावा देकर राजीव गांधी ने भारत में तकनीकी विकास की मजबूत नींव रखी। आज भारत वैश्विक स्तर पर आईटी और डिजिटल क्षेत्र में जो पहचान बना रहा है, उसके पीछे राजीव गांधी की दूरदृष्टि और नीतियों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि विज्ञान, तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने की उनकी सोच ने देश को नई दिशा प्रदान की।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : संयुक्त जांच प्रतिवेदन में साकची गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की स्वतंत्र वैधानिक स्थिति हुई स्पष्ट

शांति, सद्भाव और पंचायती राज को किया मजबूत

परविंदर सिंह ने कहा कि राजीव गांधी ने देश में शांति, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए। विभिन्न क्षेत्रों में शांति स्थापित करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने की दिशा में उनके कदम आज भी प्रेरणादायी हैं। उन्होंने सत्ता के विकेंद्रीकरण को बढ़ावा देते हुए पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत किया, जिससे गांवों तक लोकतंत्र की भागीदारी और विकास की प्रक्रिया को नई गति मिली। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ग्रामीण विकास, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में चोरी-छिनतई गिरोह का पर्दाफाश, पांच अपराधी गिरफ्तार

युवाओं को लोकतंत्र से जोड़ने का ऐतिहासिक निर्णय

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी का एक महत्वपूर्ण योगदान देश के युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना था। उनके कार्यकाल में मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की गई, जिससे करोड़ों युवाओं को लोकतंत्र में प्रत्यक्ष भागीदारी का अवसर मिला। कांग्रेस नेताओं ने इसे युवाओं के प्रति उनके विश्वास और भारत के भविष्य को लेकर उनकी सकारात्मक सोच का प्रतीक बताया। प्रदेश प्रवक्ता राकेश तिवारी ने कहा कि आज के युवाओं को राजीव गांधी के विचारों, वैज्ञानिक सोच और आधुनिक भारत के सपने से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।

इसे भी पढ़ें : Ranchi/Seraikela : देव प्रकाश देवता बने ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य

राजीव गांधी के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन संगठन उपाध्यक्ष संजय सिंह आजाद ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सेवादल कांग्रेस चेयरमैन राजा सिंह राजपूत ने किया। इस अवसर पर रियाजुद्दीन खान, ब्रजेन्द्र तिवारी, राजकिशोर यादव, रईस रिजवी, प्रताप यादव, अमरजीत नाथ मिश्रा, रामलाल प्रसाद पासवान, आशुतोष सिंह, उदय कुमार सिंह, शिखा चौधरी, अंजनी पांडेय, नवनीत मिश्र, सीमा मोहंती सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Chaibasa : टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, नोआमुंडी में अक्षय ऊर्जा दिवस और राखी मेकिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

नवीकरणीय ऊर्जा के प्रति जागरूकता के साथ विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता डाक विभाग की प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर लिया भाग जेबी

  • नवीकरणीय ऊर्जा के प्रति जागरूकता के साथ विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता
  • डाक विभाग की प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर लिया भाग

जेबी लाइव, रिपोर्टर

चाईबासा : टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, नोआमुंडी में अक्षय ऊर्जा दिवस उत्साह और जागरूकता के माहौल में मनाया गया। सुबह की प्रार्थना सभा के दौरान आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच अक्षय ऊर्जा तथा ऊर्जा संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम के तहत ज्योति प्रकाश साहू ने नवीकरणीय ऊर्जा और ऊर्जा संरक्षण के महत्व पर विचारोत्तेजक भाषण दिया। वहीं कक्षा 10वीं के छात्र आयुष ने स्वच्छ और टिकाऊ ऊर्जा स्रोतों की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए सभी को हरित भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया। कक्षा 10वीं के छात्र रुद्र प्रताप ने ‘आज का विचार’ प्रस्तुत कर जिम्मेदार ऊर्जा खपत और संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर अपनी समझ और जागरूकता का प्रदर्शन किया।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : भारतरत्न राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि, आधुनिक भारत के निर्माण में योगदान को किया याद

विद्यार्थियों के कार्यकारी मॉडल बने आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नवीकरणीय ऊर्जा पर आधारित कार्यकारी मॉडलों की प्रदर्शनी रही। कक्षा 7वीं के छात्र प्रत्युष, शुभ्रजीत, सत्यम, आयुष, विकास, दिव्यांशु और शौर्य द्वारा तैयार किए गए इन मॉडलों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों के माध्यम से यह दर्शाया कि सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा और अन्य अक्षय स्रोतों का उपयोग कर भविष्य को अधिक स्वच्छ और टिकाऊ बनाया जा सकता है। इन नवाचारी प्रदर्शनों ने छात्रों की वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी को भी उजागर किया। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने इन मॉडलों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य की ऊर्जा चुनौतियों का समाधान बताया।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : यातायात व्यवस्था और व्यवस्थित पार्किंग की मांग को लेकर भूख हड़ताल, आश्वासन के बाद टूटा अनशन

राखी मेकिंग प्रतियोगिता में झलकी बच्चों की रचनात्मकता

भारतीय डाक विभाग द्वारा आयोजित राखी मेकिंग प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए सुंदर और आकर्षक राखियां तैयार कीं, जिन्हें देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों और अपने भाइयों के लिए भेजा गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती शशिकला ने विद्यार्थियों को ऊर्जा संरक्षण के महत्व से अवगत कराते हुए दैनिक जीवन में जिम्मेदार विकल्प अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऊर्जा की बचत केवल आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं, शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।

Jamshedpur : यातायात व्यवस्था और व्यवस्थित पार्किंग की मांग को लेकर भूख हड़ताल, आश्वासन के बाद टूटा अनशन

गोलमुरी क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था सुधारने की मांग पर अप्पू तिवारी का आंदोलन, विभिन्न संगठनों ने दिया

  • गोलमुरी क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था सुधारने की मांग पर अप्पू तिवारी का आंदोलन, विभिन्न संगठनों ने दिया समर्थन

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : गोलमुरी क्षेत्र में सड़क सुरक्षा, अव्यवस्थित पार्किंग और लगातार बढ़ रही दुर्घटनाओं की समस्या को लेकर अप्पू तिवारी द्वारा शुरू की गई भूख हड़ताल को विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों का व्यापक समर्थन मिला। आंदोलन स्थल पर आजसू पार्टी के जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, मजदूर नेता बंटी सिंह, भाजपा ओबीसी मोर्चा नेता सागर राय, हिंदू जागरण मंच के जिला अध्यक्ष बलबीर मंडल, बजरंग सेवा समिति के जिला अध्यक्ष धर्मवीर कुशवाहा सहित कई सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने क्षेत्र में बेहतर यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा उपायों और व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था की मांग को जायज बताते हुए आंदोलन का समर्थन किया। नेताओं ने कहा कि गोलमुरी क्षेत्र में लंबे समय से यातायात अव्यवस्था के कारण आम लोगों को परेशानी और दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : संयुक्त जांच प्रतिवेदन में साकची गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की स्वतंत्र वैधानिक स्थिति हुई स्पष्ट

थाना प्रभारी के आश्वासन पर ढाई घंटे बाद समाप्त हुआ अनशन

भूख हड़ताल के दौरान गोलमुरी यातायात थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से बातचीत की। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर समस्या के समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। जनहित को ध्यान में रखते हुए तथा प्रशासन द्वारा दिए गए समय को स्वीकार करते हुए अप्पू तिवारी ने लगभग ढाई घंटे बाद अपना अनशन समाप्त कर दिया। इस दौरान JUSCO की ओर से सड़क एवं संबंधित व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का कार्य भी शुरू कर दिया गया, जिसे आंदोलन की प्रारंभिक सफलता के रूप में देखा जा रहा है। आंदोलनकारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन और संबंधित एजेंसियां तय समयसीमा के भीतर ठोस कदम उठाकर क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करेंगी।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में चोरी-छिनतई गिरोह का पर्दाफाश, पांच अपराधी गिरफ्तार

जनहित के मुद्दों पर आगे भी संघर्ष जारी रखने की चेतावनी

अनशन समाप्त करने के बाद अप्पू तिवारी ने कहा कि उनका आंदोलन किसी व्यक्ति, संस्था या विभाग के खिलाफ नहीं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा के लिए था। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि एक सप्ताह के भीतर यातायात व्यवस्था और पार्किंग समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो आगे की रणनीति बनाकर फिर से आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की एकजुट आवाज से ही व्यवस्था में सकारात्मक परिवर्तन संभव है। इस अवसर पर उमाशंकर सिंह, देवाशीष चौधरी, मुकेश रवि, शिवा कुमार, शशांक तिवारी, विवेक दहियारे, नवीन कुमार, श्रीधर कुमार, विकास कुमार, उमेश प्रसाद, लवकुश कुमार, विनय जी समेत कई लोग मौजूद रहे। अप्पू तिवारी ने सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, मजदूर नेताओं, युवाओं और स्थानीय नागरिकों का समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।

Jamshedpur : संयुक्त जांच प्रतिवेदन में साकची गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की स्वतंत्र वैधानिक स्थिति हुई स्पष्ट

निबंधन विभाग की संयुक्त जांच में साकची गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को स्वतंत्र रूप से निबंधित संस्था माना गया संपत्ति विवादों

  • निबंधन विभाग की संयुक्त जांच में साकची गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को स्वतंत्र रूप से निबंधित संस्था माना गया
  • संपत्ति विवादों के लिए सिविल कोर्ट को बताया सक्षम मंच

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : साकची गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (निबंधन संख्या 33/2015-16) को लेकर दर्ज शिकायत पर निबंधन विभाग द्वारा कराई गई संयुक्त जांच का प्रतिवेदन सामने आने के बाद कमेटी की स्वतंत्र और पृथक वैधानिक स्थिति स्पष्ट हो गई है। निबंधन कार्यालयों के निरीक्षक, कोल्हान प्रमंडल तथा सहायक निबंधन महानिरीक्षक द्वारा की गई संयुक्त जांच में संबंधित पक्षों को विधिवत नोटिस जारी कर उनका पक्ष सुना गया। जांच के दौरान लिखित और मौखिक साक्ष्यों के साथ उपलब्ध अभिलेखों का विस्तृत परीक्षण किया गया। 25 मार्च 2026 को आयोजित सुनवाई में दोनों पक्ष उपस्थित हुए और अपने-अपने दावों के समर्थन में दस्तावेज प्रस्तुत किए। जांच अधिकारियों ने सभी तथ्यों और अभिलेखों की समीक्षा के बाद अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में चोरी-छिनतई गिरोह का पर्दाफाश, पांच अपराधी गिरफ्तार

स्वतंत्र निबंधित संस्था के रूप में साकची कमेटी की स्थिति बरकरार

संयुक्त जांच प्रतिवेदन का सबसे महत्वपूर्ण निष्कर्ष यह रहा कि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, साकची एक स्वतंत्र रूप से निबंधित संस्था है। प्रतिवेदन में स्पष्ट कहा गया है कि किसी अन्य स्वतंत्र संस्था के नियमों अथवा उपनियमों के आधार पर साकची गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के स्वतंत्र निबंधन या उसके वैधानिक अस्तित्व को चुनौती नहीं दी जा सकती। जांच में यह भी सामने आया कि यदि किसी संस्था के संशोधित उपनियम निबंधन विभाग की निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप दर्ज या अपलोड नहीं किए गए हैं, तो केवल उनके पारित होने या लागू किए जाने के दावे के आधार पर उन्हें वैधानिक रूप से मान्य नहीं माना जा सकता। इस आधार पर शिकायत में उठाए गए कई बिंदुओं को अपेक्षित कानूनी समर्थन नहीं मिलने की बात प्रतिवेदन में कही गई है।

इसे भी पढ़ें : Ranchi/Seraikela : देव प्रकाश देवता बने ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य

सीजीपीसी को भी वैधानिक प्रक्रिया का पालन करने की सलाह

प्रतिवेदन में सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) से संबंधित पहलुओं पर भी स्पष्ट टिप्पणी की गई है। जांच रिपोर्ट के अनुसार यदि सीजीपीसी अपने पूर्व जनरल बोर्ड द्वारा पारित किसी नियम या संशोधन को प्रभावी रूप से अपने निबंधित उपनियमों का हिस्सा बनाना चाहती है, तो उसे निबंधन विभाग के समक्ष निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया का पालन करना होगा। केवल किसी प्रस्ताव या संशोधन के पारित होने मात्र से उसे स्वतः विधिक मान्यता प्राप्त नहीं हो जाती। इसके लिए आवश्यक संशोधनों को नियमानुसार पंजीकृत कराना अनिवार्य होगा। प्रतिवेदन ने यह स्पष्ट किया कि किसी संस्था के अधिकारों और संरचना का निर्धारण वैधानिक प्रक्रियाओं के अनुरूप ही किया जा सकता है।

इसे भी पढ़ें : Jhargram : अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने पर महिलाओं ने किया सड़क जाम

संपत्ति और नियंत्रण संबंधी विवादों पर सिविल कोर्ट का होगा अंतिम निर्णय

जांच प्रतिवेदन में संपत्ति, नियंत्रण, प्रबंधन अथवा अन्य अधिकारों से जुड़े विवादों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ऐसे मामलों का अंतिम निर्णय निबंधन विभाग के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। यदि किसी पक्ष के बीच संपत्ति, नियंत्रण या प्रबंधन को लेकर विवाद उत्पन्न होता है, तो उसका निपटारा सक्षम व्यवहार न्यायालय (सिविल कोर्ट) के माध्यम से ही होगा। न्यायालय साक्ष्यों और प्रासंगिक कानूनों के आधार पर अंतिम निर्णय देगा। इस प्रकार निबंधन विभाग की भूमिका केवल संस्था के निबंधन और उससे संबंधित वैधानिक प्रक्रियाओं तक सीमित मानी गई है।

इसे भी पढ़ें : Chaibasa : नवनियुक्त कांग्रेस जिलाध्यक्ष सोनाराम सिंकु को कांग्रेसियों ने दी बधाई

जांच प्रतिवेदन का स्वागत, वैधानिक आधार मजबूत होने का दावा

संयुक्त जांच प्रतिवेदन के सार्वजनिक होने के बाद साकची गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने विभागीय निष्कर्षों का स्वागत किया है। कमेटी ने कहा कि उसका स्वतंत्र निबंधन और विधिक अस्तित्व किसी अन्य संस्था के एकतरफा निर्णय या दावे से प्रभावित नहीं हो सकता। कमेटी ने यह भी स्पष्ट किया कि वह अपने निबंधित संविधान, उपनियमों और लागू कानूनी प्रावधानों के अनुरूप कार्य करती रहेगी। कमेटी के अनुसार जांच प्रतिवेदन ने उसकी स्वतंत्र वैधानिक स्थिति को महत्वपूर्ण आधार प्रदान किया है। हालांकि संपत्ति, प्रबंधन या अन्य अधिकारों से जुड़े किसी भी विवाद का अंतिम निर्णय सक्षम न्यायालय द्वारा ही किया जाएगा। कमेटी ने भविष्य में भी सभी संस्थागत कार्यों में निर्धारित कानूनों और वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है।

Jamshedpur : जमशेदपुर में चोरी-छिनतई गिरोह का पर्दाफाश, पांच अपराधी गिरफ्तार

पुलिस ने 31 मोबाइल फोन, सोने के आभूषण, दो स्कूटी और एक मोटरसाइकिल बरामद की जेबी लाइव, रिपोर्टर जमशेदपुर :

  • पुलिस ने 31 मोबाइल फोन, सोने के आभूषण, दो स्कूटी और एक मोटरसाइकिल बरामद की

जेबी लाइव, रिपोर्टर

जमशेदपुर : शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार चोरी और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक संगठित अपराधी गिरोह का जमशेदपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पूर्वी सिंहभूम डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधी लंबे समय से शहर के अलग-अलग इलाकों में सक्रिय थे और सुनियोजित तरीके से लोगों को अपना निशाना बनाते थे। गिरोह के सदस्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और सुनसान स्थानों पर मौका देखकर मोबाइल फोन, आभूषण तथा अन्य कीमती सामान छीनकर फरार हो जाते थे। लगातार मिल रही शिकायतों और दर्ज मामलों के आधार पर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर गिरोह तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

इसे भी पढ़ें : Ranchi/Seraikela : देव प्रकाश देवता बने ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य

पुलिस ने बड़ी मात्रा में चोरी का सामान किया बरामद

गिरफ्तार अपराधियों के कब्जे से पुलिस ने 31 मोबाइल फोन, सोने के आभूषण, दो स्कूटी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस का मानना है कि बरामद सामान विभिन्न चोरी और छिनतई की घटनाओं से संबंधित हो सकता है। जांच के दौरान पुलिस टीम ने अपराधियों की गतिविधियों, उनके ठिकानों और नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई। इसके आधार पर छापेमारी कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन और आभूषणों के वास्तविक मालिकों की पहचान करने में जुटी है, ताकि उन्हें उनके सामान वापस सौंपे जा सकें। साथ ही बरामद वस्तुओं को पूर्व में दर्ज मामलों से जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

इसे भी पढ़ें : Jhargram : अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने पर महिलाओं ने किया सड़क जाम

गिरोह के नेटवर्क और अन्य वारदातों की जांच जारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और संभावित सहयोगियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। अब यह जांच की जा रही है कि गिरोह ने जमशेदपुर के किन-किन थाना क्षेत्रों में चोरी और छिनतई की घटनाओं को अंजाम दिया था तथा इसमें और कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस का कहना है कि शहर में अपराध पर नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। गिरफ्तार किए गए सभी पांच आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने लोगों से भी सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

Ranchi/Seraikela : देव प्रकाश देवता बने ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य

संगठन ने नई जिम्मेदारी सौंपते हुए जताया भरोसा, डीलरों के हितों की आवाज बुलंद करने की उम्मीद जेबी लाइव, रिपोर्टर

  • संगठन ने नई जिम्मेदारी सौंपते हुए जताया भरोसा, डीलरों के हितों की आवाज बुलंद करने की उम्मीद

जेबी लाइव, रिपोर्टर

रांची/सरायकेला : ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन, झारखंड की ओर से संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए देव प्रकाश देवता को प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किया गया है। संगठन द्वारा जारी प्रमाण पत्र में उनके मनोनयन की औपचारिक घोषणा की गई। फेडरेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि देव प्रकाश देवता लंबे समय से जन वितरण प्रणाली से जुड़े मुद्दों के प्रति सक्रिय रहे हैं और उनके अनुभव का लाभ संगठन को मिलेगा। संगठन ने विश्वास जताया कि वे अपनी नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे तथा संगठन की नीतियों और उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इसे भी पढ़ें : Jhargram : अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने पर महिलाओं ने किया सड़क जाम

डीलरों की समस्याओं को मजबूती से उठाने का दिया भरोसा

नई जिम्मेदारी मिलने पर देव प्रकाश देवता ने संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे जन वितरण प्रणाली से जुड़े फेयर प्राइस शॉप डीलरों की समस्याओं, अधिकारों और हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाएंगे। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे। उनके मनोनयन पर संगठन के सदस्यों एवं सहयोगियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व और सक्रिय योगदान से संगठन को नई मजबूती मिलेगी।

Jhargram : अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने पर महिलाओं ने किया सड़क जाम

झाड़ग्राम में लाभार्थियों का फूटा गुस्सा, केडिया पेट्रोल पंप के पास घंटों बाधित रहा यातायात जेबी लाइव, रिपोर्टर झाड़ग्राम :

  • झाड़ग्राम में लाभार्थियों का फूटा गुस्सा, केडिया पेट्रोल पंप के पास घंटों बाधित रहा यातायात

जेबी लाइव, रिपोर्टर

झाड़ग्राम : अन्नपूर्णा योजना की राशि लंबे समय से नहीं मिलने से नाराज महिलाओं का आक्रोश गुरुवार को सड़क पर देखने को मिला। नगरपालिका क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं ने केडिया पेट्रोल पंप के समीप 9 नंबर राज्य सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दिया। अचानक हुए इस विरोध प्रदर्शन से व्यस्त मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप था कि इलाके की कई लाभार्थियों को महीनों से योजना की राशि नहीं मिली है, जिससे उनके सामने आर्थिक कठिनाइयां उत्पन्न हो गई हैं। महिलाओं ने कहा कि इस संबंध में कई बार प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।

इसे भी पढ़ें : Chaibasa : नवनियुक्त कांग्रेस जिलाध्यक्ष सोनाराम सिंकु को कांग्रेसियों ने दी बधाई

सड़क जाम से दोनों ओर लगी वाहनों की लंबी कतार

सड़क अवरोध के कारण राज्य सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बसों, निजी वाहनों, मालवाहक गाड़ियों और अन्य परिवहन साधनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई। जाम के कारण कई लोग घंटों तक सड़क पर फंसे रहे। प्रदर्शनकारी महिलाएं अपनी मांगों को लेकर सड़क पर डटी रहीं और बकाया राशि के भुगतान की मांग करती रहीं। उनका कहना था कि अन्नपूर्णा योजना की राशि उनके परिवारों के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक सहायता है और लगातार हो रही देरी से उनका जीवन प्रभावित हो रहा है।

इसे भी पढ़ें : Chaibasa : राजीव गांधी की जयंती पर प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दी गई श्रद्धांजलि

प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ आंदोलन

सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आंदोलनकारी महिलाओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और मामले में आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। प्रशासन की ओर से सकारात्मक पहल और जल्द समाधान के भरोसे के बाद महिलाओं ने सड़क अवरोध समाप्त कर दिया, जिससे यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका। हालांकि प्रदर्शनकारी महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अन्नपूर्णा योजना की बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया तो वे और बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगी। उन्होंने कहा कि अपनी जायज मांगों को लेकर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Comment

You cannot copy content of this page

Scroll to Top