मोबाइल वैन के माध्यम से साकची समेत कई स्थानों पर चला जागरूकता कार्यक्रम
पीएलवी ने त्वरित न्याय और नागरिक अधिकारों के प्रति किया जागरूक
विधिक जागरूकता से सशक्त समाज निर्माण की दिशा में पहल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) जमशेदपुर द्वारा चलाए जा रहे 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान के तहत शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। डालसा की मोबाइल वैन के माध्यम से साकची गोलचक्कर, टेम्पो स्टैंड, बंगाल क्लब, टिस्को गेट, करीम टॉकीज, ग्रेजुएट कॉलेज के निकट सहित अन्य स्थानों पर लोगों को कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इस दौरान आम नागरिकों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कार्यों एवं उद्देश्यों से अवगत कराया गया तथा जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी भी दी गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : रक्षाबंधन पर डाक विभाग की खास पहल, ₹10 में मिलेंगे विशेष राखी लिफाफे
घरेलू हिंसा, बाल संरक्षण और लोक अदालत पर दी गई जानकारी

जागरूकता अभियान में डालसा के पीएलवी नागेंद्र कुमार, आशीष प्रजापति, संजय तिवारी, मनोज महतो एवं ग्लोरिया पूर्ति ने सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने घरेलू हिंसा, लोक अदालत में समझौते एवं मध्यस्थता के माध्यम से त्वरित न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। साथ ही नागरिकों के मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह, बाल श्रम, मानव तस्करी, नशा उन्मूलन तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पीएलवी ने लोगों से अपील की कि किसी भी कानूनी समस्या या सहायता की आवश्यकता होने पर वे सीधे डालसा कार्यालय से संपर्क करें और उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाएं।


























