न्याय सदन परिसर में लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता और कानूनी अधिकारों की दी गई जानकारी
न्याय की आसान पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर स्थित न्याय सदन, सिविल कोर्ट परिसर में मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), पूर्वी सिंहभूम द्वारा विधिक जागरूकता प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (JHALSA) के निर्देशानुसार संचालित “90 डेज इंटेंसिव लीगल अवेयरनेस एंड आउटरीच कैंपेन” के तहत आयोजित किया गया। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता, विधिक अधिकारों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना था। प्रदर्शनी में राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं, लोक अदालत, मध्यस्थता, पीड़ित प्रतिकर योजना, पारा विधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) की भूमिका तथा डीएलएसए द्वारा संचालित गतिविधियों और उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। न्यायालय आने वाले वादकारियों, अधिवक्ताओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में बिजली चोरों पर विद्युत विभाग का बड़ा शिकंजा, 8 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
विधिक योजनाओं की जानकारी देकर लोगों को किया गया जागरूक

प्रदर्शनी के दौरान आगंतुकों को विभिन्न विधिक योजनाओं से संबंधित पुस्तिकाएं, पंपलेट और जागरूकता सामग्री भी वितरित की गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों और पारा विधिक स्वयंसेवकों ने उपस्थित लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, पात्रता, लोक अदालतों की उपयोगिता, मध्यस्थता की भूमिका तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। लोगों ने कानूनी अधिकारों और न्याय प्राप्ति के सरल उपायों को समझने में विशेष रुचि दिखाई। डीएलएसए के अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज के कमजोर, गरीब और वंचित वर्गों तक न्याय की पहुंच को आसान बनाना है। यह प्रदर्शनी आमजन में कानूनी जागरूकता बढ़ाने और न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।























