कुलपति ने विद्यार्थियों से पौधारोपण और संरक्षण का किया आह्वान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : Sona Devi University में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न फलदार पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति Braj Mohan Pat Pingua ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक छात्र-छात्रा को कम से कम एक फलदार पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी स्वयं उठानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि हर व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है। कुलपति ने प्लास्टिक के उपयोग को पूरी तरह बंद करने और ऊर्जा संरक्षण की दिशा में सक्रिय रूप से कार्य करने की भी अपील की।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ी निगरानी, बेलतला में नए ट्रैफिक पुलिस चौकी का उद्घाटन
15 से 23 मई तक चल रहा है पर्यावरण जागरूकता अभियान
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के निर्देश के आलोक में 15 से 23 मई तक प्रतिदिन अलग-अलग विषयों पर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह अभियान 15 मई से 5 जून तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी पूर्व-अभियान का हिस्सा है। अधिकारियों के अनुसार विश्व पर्यावरण दिवस 2026 की थीम “जलवायु परिवर्तन” रखी गई है, जिसका उद्देश्य पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली को बढ़ावा देना और समाज में ग्रह-हितैषी कार्यों को प्रोत्साहित करना है। विश्वविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों और शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसे भी पढ़ें : Gua : सेल गुवा अस्पताल का घेराव, स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग तेज
विश्वविद्यालय परिसर में लगाए गए आम, लीची और जामुन के पौधे
कार्यक्रम के दौरान कुलाधिपति Prabhakar Singh के नेतृत्व में विभिन्न फैकल्टी सदस्यों और छात्र-छात्राओं ने परिसर में दर्जनों फलदार पौधे लगाए। इनमें आम, लीची, अमरूद, केला, जामुन और शहतूत जैसे पौधे शामिल हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि परिसर में वर्षा जल संरक्षण के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। आने वाले दिनों में ऊर्जा संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन और ई-अपशिष्ट में कमी लाने पर विशेष रूप से कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी और शिक्षक उपस्थित रहे।
























