गोलपहाड़ी में आयोजित समारोह में समाजसेवियों, पत्रकारों और गणमान्य लोगों ने दी शुभकामनाएं, निष्पक्ष पत्रकारिता पर दिया जोर
सम्मान समारोह के साथ कार्यक्रम का हुआ समापन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : कोल्हान क्षेत्र की आवाज को और अधिक प्रभावी मंच प्रदान करने के उद्देश्य से रविवार को गोलपहाड़ी में “कोल्हान समाचार लाइव” का विधिवत लोकार्पण किया गया। इसी अवसर पर कोल्हान समाचार के ई-पेपर और वेबसाइट का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी दुखनी सोरेन तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में गुरु ग्रंथी बाबा अजीत सिंह, वरिष्ठ पत्रकार राजेश लाल दास और समाजसेवी विनोद स्वांसी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर कोल्हान समाचार के नए डिजिटल स्वरूप का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण से हुई, जिसे पत्रकार सुनील पांडेय ने प्रस्तुत किया, जबकि मंच संचालन दीपक कुमार ने किया। उपस्थित अतिथियों ने मीडिया की बदलती भूमिका और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इसे भी पढ़ें : Jhargram /Bahragora : ‘सुबर्ण मैत्री रक्तदान यात्रा 2026’ का सफल आयोजन, युवाओं ने रक्तदान कर दिया मानव सेवा का संदेश
डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए जन-जन तक पहुंचेगी कोल्हान की आवाज
समारोह को संबोधित करते हुए समाजसेवी विनोद स्वांसी ने कहा कि मीडिया का दायित्व केवल सरकारी योजनाओं की उपलब्धियों को बताना ही नहीं, बल्कि उनकी कमियों को भी जनता के सामने लाना है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूती का आधार है और इससे आम जनता को सही जानकारी प्राप्त होती है। वहीं वरिष्ठ पत्रकार राजेश लाल दास ने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया की भूमिका को लेकर कई तरह की चर्चाएं होती हैं, लेकिन इसके बावजूद जमीनी पत्रकारिता की प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कोल्हान समाचार पंचायत से लेकर गांव और शहर तक आम लोगों की समस्याओं को मजबूती से उठाने का कार्य करेगा और क्षेत्र की सशक्त आवाज बनेगा।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : फरार मां-बेटी के घर पुलिस ने चिपकाया कोर्ट का इश्तिहार, 20 जून तक आत्मसमर्पण का निर्देश
निष्पक्ष और जनपक्षीय पत्रकारिता पर वक्ताओं ने दिया जोर
गुरु ग्रंथी बाबा अजीत सिंह ने अपने संबोधन में पत्रकारिता को सेवा का माध्यम बताते हुए कहा कि यदि पत्रकारिता सेवा भावना और मानव कल्याण के उद्देश्य से की जाए तो इससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद तक मदद पहुंचाने वाली खबर का मूल्य किसी आर्थिक लाभ से कहीं अधिक होता है। वहीं मुख्य अतिथि दुखनी सोरेन ने कहा कि कोल्हान समाचार यदि दबे-कुचले, शोषित और पीड़ित वर्ग की आवाज बनकर कार्य करेगा तो यह क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि होगी। उन्होंने कहा कि समाचार माध्यमों की संख्या भले ही बढ़ रही हो, लेकिन जनता के साथ खड़े रहने वाले मंचों की आवश्यकता आज भी बनी हुई है। उन्होंने कोल्हान समाचार की सफलता और जनअपेक्षाओं पर खरा उतरने की शुभकामनाएं दीं।
इसे भी पढ़ें : Railway News : आद्रा मंडल में एक सप्ताह का रोलिंग ब्लॉक, कई मेमू और एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन प्रभावित
सेवा और सामाजिक सरोकारों को पत्रकारिता का आधार बनाने का आह्वान
कार्यक्रम के अंत में पत्रकार कमलेश सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर सभी अतिथियों, पत्रकारों और विशिष्ट आमंत्रितों का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया। समारोह में जिला परिषद उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष राज कुमार सिंह, व्यक्तित्व विकास संस्थान के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, परसूडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार, सुंदरनगर थाना प्रभारी अजीत कुमार मुंडा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, समाजसेवी और बुद्धिजीवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पत्रकार एकता मंच से जुड़े कई सदस्यों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भी भाग लिया। उपस्थित लोगों ने कोल्हान समाचार लाइव, ई-पेपर और वेबसाइट के माध्यम से क्षेत्रीय मुद्दों को नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई और इसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।























