20 सितंबर को आकर्षक झांकी के साथ निकलेगी विसर्जन यात्रा, स्वर्णरेखा नदी में होगा प्रतिमा विसर्जन
झांकी के साथ निकलेगी विश्वकर्मा प्रतिमा की विसर्जन यात्रा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : मानगो स्थित ट्रांसपोर्ट नगर पार्किंग परिसर में जमशेदपुर ट्रक एवं ट्रेलर ओनर्स एसोसिएशन की ओर से इस वर्ष भी भव्य श्री श्री विश्वकर्मा पूजा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर मंगलवार को एसोसिएशन के कार्यालय परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। अध्यक्ष जसवीर सिंह और महामंत्री मनीष कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 17 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे विधिवत पूजा-अर्चना के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। पूजा के बाद दोपहर 1 बजे श्रद्धालुओं के बीच भोग का वितरण किया जाएगा। इसके बाद शाम 7 बजे से अखंड रामायण पाठ शुरू होगा, जो 18 सितंबर की शाम तक चलेगा। आयोजन को लेकर परिसर में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और संगठन के सदस्य व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
इसे भी पढ़ें : New Delhi : किशाऊ डैम परियोजना को मिली नई गति, अमित शाह की मौजूदगी में छह राज्यों ने किया ऐतिहासिक समझौता
विश्वकर्मा पूजा को लेकर ट्रांसपोर्ट नगर में तैयारियां तेज
महोत्सव का मुख्य आकर्षण 19 सितंबर को आयोजित होने वाली विशेष भक्ति संध्या होगी। शाम 7 बजे से होने वाले इस कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध भक्ति संगीत गायिका शहनाज अख्तर अपनी भक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगी। आयोजन समिति ने शहरवासियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर भक्ति संध्या में शामिल होने की अपील की है। श्रद्धालुओं के लिए भोग वितरण की भी व्यवस्था रहेगी। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि विश्वकर्मा पूजा के माध्यम से भगवान विश्वकर्मा की आराधना के साथ सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को भी मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इसे भी पढ़ें : Patna : बिहार पुलिस SI परीक्षा रद्द करने की मांग पर पटना में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, पुलिस से हुई झड़प
शहनाज अख्तर की भक्ति गीतों से सजेगी विश्वकर्मा पूजा की शाम
20 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे ट्रांसपोर्ट नगर स्थित कार्यालय परिसर से भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा के साथ आकर्षक झांकी और विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमा को स्वर्णरेखा नदी में विसर्जित किया जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अध्यक्ष जसवीर सिंह, महामंत्री मनीष कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष रंजीत सिंह, बिट्टू तिवारी, प्रदीप शर्मा, अमित, मनीष ओझा, अभय सिंह, पिंटू यादव, विनीत यादव, मनोज सिंह, संजय सिंह, जसवीर सिंह सोनी, तपस्या सिंह, शंकर दयाल सिंह सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे। एसोसिएशन ने शहरवासियों से पूरे कार्यक्रम में सहभागिता कर महोत्सव को सफल बनाने की अपील की।



























