तड़के लगी आग से होटल में मचा हड़कंप, लाखों की संपत्ति जलकर राख
आग लगने के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित एक फेमस नेपाली होटल में शनिवार तड़के करीब 4 बजे अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया और होटल धू-धू कर जलने लगा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और टाटा स्टील अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि होटल के अंदर रखा फर्नीचर, रसोई का सामान और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। इस हादसे में होटल मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
इसे भी पढ़ें : Musabani : मुसाबनी में पुलिया धंसने से कई गांवों का संपर्क टूटा, ग्रामीण परेशान
तड़के लगी आग से बिष्टुपुर इलाके में मची अफरा-तफरी
आग बुझाने के दौरान एक अग्निशमन कर्मी भी झुलस गया, जिसे तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि देर रात तक होटल में काम चलने के बाद कर्मचारियों ने खाना बनाने वाली भट्टी को ठीक से नहीं बुझाया था। संभवतः उसी से आग धीरे-धीरे भड़की और पूरे होटल में फैल गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।



























