ग्रामीण शिक्षा को मजबूत बनाने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और मेमेंटो प्रदान
बेहतर परीक्षा परिणाम में शिक्षकों की मेहनत आई सामने
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने वाले तीन शिक्षकों को जिला स्तरीय सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। विद्यानिकेतन प्लस टू उच्च विद्यालय की अंग्रेजी शिक्षिका नीतू शर्मा, प्रोजेक्ट गर्ल्स प्लस टू हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक सुधांशु मंडल तथा मानपुर प्लस टू उच्च विद्यालय के शिक्षक कृष्ण कुमार को प्रशस्ति पत्र और मेमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राजीव रंजन ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित शिक्षा विभाग के कई अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बिष्टुपुर के नेपाली होटल में भीषण आग, अग्निशमन कर्मी झुलसा
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों का सम्मान
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पोटका के शिक्षकों ने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, विद्यार्थियों को प्रेरित करने और विद्यालयों के शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। लगातार मेहनत और समर्पण का ही परिणाम है कि माध्यमिक और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के परिणाम बेहतर रहे हैं। सम्मानित शिक्षकों ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय प्रबंधन, सहकर्मियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण शिक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के लिए वे भविष्य में भी पूरी निष्ठा के साथ कार्य करते रहेंगे।
























