परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का लगाया आरोप
विवाद के बाद अस्पताल में ही मरीज का इलाज शुरू
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा सेल अस्पताल में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक मरीज को बिना ऑक्सीजन सुविधा के राउरकेला स्थित आईजीएच अस्पताल रेफर किए जाने पर महिलाओं और परिजनों ने एंबुलेंस को रोक दिया। परिजनों का आरोप था कि मरीज की हालत गंभीर होने के बावजूद उसे पर्याप्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराए बिना बाहर भेजा जा रहा था, जो अस्पताल प्रबंधन की बड़ी लापरवाही है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा। स्थानीय महिलाओं ने मरीज को सुरक्षित इलाज उपलब्ध कराने की मांग करते हुए एंबुलेंस आगे बढ़ने नहीं दी। इस दौरान अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
इसे भी पढ़ें : Potka : पोटका के तीन शिक्षक जिला स्तर पर सम्मानित, शिक्षा क्षेत्र में योगदान को मिली सराहना
मरीज को लेकर अस्पताल परिसर में मचा हंगामा
घटना की सूचना मिलते ही झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे और महामंत्री अंतर्यामी महाकुड़ मौके पर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से तत्काल मरीज को ऑक्सीजन उपलब्ध कराने और उचित इलाज सुनिश्चित करने की मांग की। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने बताया कि मरीज की स्थिति सामान्य थी, इसलिए ऑक्सीजन की आवश्यकता नहीं समझी गई और बेहतर उपचार के लिए रेफर किया जा रहा था। हालांकि यूनियन नेताओं ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि मरीज सामान्य है तो उसका इलाज गुवा अस्पताल में ही होना चाहिए। काफी देर तक चले विवाद के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मरीज को फिलहाल गुवा सेल अस्पताल में भर्ती रखकर इलाज जारी रखने का निर्णय लिया।

























